मोहनलालगंज, लखनऊ।फर्जी आधार कार्ड और कूटरचित दस्तावेजों के जरिए एक मृत व्यक्ति की भूमि का बैनामा कर धोखाधड़ी करने के मामले में मोहनलालगंज पुलिस ने तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।एसीपी मोहनलालगंज विकास कुमार पांडे ने बताया कि 31 जनवरी को गोसाईगंज थाना क्षेत्र के उमेदखेड़ा निवासी फूलमती ने थाने में प्रार्थना पत्र देकर शिकायत दर्ज कराई थी। फूलमती के अनुसार उनके ससुर स्वर्गीय महावीर की खुजौली स्थित भूमि का बैनामा धोखाधड़ी से कर दिया गया है। आरोप लगाया गया कि परिवार के ही जेठ के पोते सुनील कुमार ने फर्जी आधार कार्ड और कूटरचित दस्तावेज तैयार कर 18 सितंबर 2025 को यह बैनामा कराया।शिकायत के आधार पर मोहनलालगंज थाने में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस को अहम साक्ष्य मिले, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि सुनील कुमार ने अपने साथियों प्रकाश और रामलाल के साथ मिलकर इस धोखाधड़ी को अंजाम दिया।पुलिस के अनुसार, सुनील कुमार ने पूछताछ में स्वीकार किया कि उसने आर्थिक लालच में आकर मृतक महावीर के नाम से फर्जी आधार कार्ड तैयार कराया। इसके बाद स्वयं को मृतक बताकर भूमि का बैनामा कराया और बिक्री से प्राप्त धनराशि आपस में बांट ली, जिसे बाद में खर्च कर दिया गया।सोमवार सुबह करीब 9:50 बजे पुलिस टीम ने तीनों अभियुक्तों—सुनील कुमार, प्रकाश और रामलाल—को गोसाईगंज थाना क्षेत्र के उम्मेदखेड़ा मार्ग से गिरफ्तार किया। तीनों अभियुक्त उमेदखेड़ा, परेहटा, गोसाईगंज के निवासी बताए गए हैं।एसीपी ने बताया कि मामले में विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए तीनों को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि इस गिरोह ने इसी तरह की अन्य वारदातों को अंजाम तो नहीं दिया है।
