पीजीआई।लखनऊ, पीजीआई थाना क्षेत्र के मधुवन विहार कॉलोनी, संगमनगर कॉलोनी हैवतखेडा क्षेत्र में रविवार शाम एक नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ और विरोध करने पर उसके परिजनों के साथ अभद्रता व पथराव का मामला सामने आया है। पीड़ित पिता ने थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, कॉलोनी निवासी राघवेश कुमार मिश्रा की 17 वर्षीय पुत्री रविवार शाम करीब छह बजे घर से पास की दुकान पर चीनी लेने जा रही थी। आरोप है कि कॉलोनी गेट के पास खड़े दो युवक—ज्ञान यादव और मनोज कुमार पाठक—उसे देखकर हँसने लगे और उसके पीछे-पीछे दुकान तक पहुंच गए।पीड़िता के मुताबिक, जब वह दुकान पर खड़ी थी तभी मनोज कुमार पाठक ने उसके पीछे खड़े होकर उसके कंधे पर हाथ रखा और “हेलो” कहा। इस हरकत से छात्रा घबरा गई और रोते हुए घर पहुंची। उसने परिजनों को घटना की जानकारी दी, जिससे परिवार में चिंता का माहौल बन गया।पीड़ित पिता का आरोप है कि जब वे पत्नी व बच्चों के साथ आरोपी के घर शिकायत करने पहुंचे तो आरोपी गाली-गलौज करने लगा। इस दौरान आरोप है कि मनोज पाठक और उसकी पत्नी ने ईंट-पत्थर फेंकना शुरू कर दिया।घटना के बाद छात्रा ने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पुलिस की दो गाड़ियां पहुंचीं और परिजनों को थाने में लिखित शिकायत देने की सलाह दी।
इस संबंध में धीरेंद्र सिंह, इंस्पेक्टर पीजीआई थाना लखनऊ ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच के उपरांत विधिक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। क्षेत्रीय लोगों ने कॉलोनी में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
