पीछे से आ रहे तेज रफ्तार वाहन के चालक ने समय रहते लगाया ब्रेक, टला बड़ा हादसा——-
निगोहां, लखनऊ। निगोहां कस्बे में पुलिस स्टेशन के पास दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से घायलों को उपचार के लिए सीएचसी मोहनलालगंज भेजा।जानकारी के मुताबिक, निगोहां निवासी प्रकाश घर के काम से बाजार में सब्जी लेने गए थे। वहीं, कांटा निवासी चांद बाबू और कल्लन किसी जरूरी काम से निगोहां आए थे। इसी दौरान एक ही दिशा में जा रही दोनों मोटरसाइकिलें आपस में टकरा गईं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
तेज रफ्तार वाहन चालक की सूझबूझ से टला हादसा——-
हादसे के दौरान पीछे से एक तेज रफ्तार वाहन आ रहा था। गनीमत रही कि चालक ने समय रहते ब्रेक लगा दिया, जिससे घायल बाइक सवारों के ऊपर वाहन चढ़ने और बड़ा हादसा होने से बच गया। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई, जिससे कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ। सूचना पर पहुंची निगोहां पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाने के साथ यातायात व्यवस्था को सुचारु कराया।
