निगोहां, लखनऊ। नन्दौली गांव में महानवमी के अवसर पर सरल केयर फाउंडेशन की ओर से कन्या पूजन, कन्या भोज और गरबा उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पूर्व सांसद रीना चौधरी शामिल हुईं। इस दौरान 250 से अधिक बालिकाओं ने हिस्सा लिया।
रीना चौधरी ने कन्याओं का पूजन कर उनके सम्मान, शिक्षा और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि कन्या पूजन केवल धार्मिक परंपरा तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि बेटियों को शिक्षा, स्वास्थ्य और समान अवसर उपलब्ध कराने का संकल्प भी लेना चाहिए। ऐसे आयोजन समाज में बालिकाओं के प्रति सम्मान और सकारात्मक सोच को बढ़ावा देते हैं।
सरल केयर फाउंडेशन की अध्यक्ष ने बताया कि संस्था हर वर्ष कन्या पूजन के माध्यम से बालिकाओं की शिक्षा और स्वास्थ्य के प्रति लोगों को जागरूक करती है। इस वर्ष भी सभी जाति और धर्म की कन्याओं का पूजन कर सामाजिक समरसता और समानता का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में कन्या भोज के साथ गरबा उत्सव भी आकर्षण का केंद्र रहा। इस मौके पर ग्राम प्रधान रीना सिंह, रजनीश राज, आईपी सिंह सहित गांव के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
