मोहनलालगंज, लखनऊ। मोहनलालगंज तहसील क्षेत्र में कूटरचित दस्तावेज तैयार कर जमीन का बैनामा कराए जाने के मामले में पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मामले में एक विक्रेता अज्ञात है, जबकि तीन अन्य आरोपितों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई शुरू की गई है।पुलिस के अनुसार, मोहारी कला निवासी नलनीश कुमार पुत्र स्वर्गीय सोहनलाल की ओर से दी गई शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोप है कि आरोपितों ने कथित तौर पर फर्जी एवं कूटरचित दस्तावेज तैयार कराकर गाटा संख्या 522, रकबा 0.4200 हेक्टेयर भूमि का विक्रय व निष्पादन करा लिया।
इस मामले में क्रेता दीपक कुमार पुत्र विष्णु कुमार मिश्रा निवासी कासिमपुर पकरी, आलमबाग लखनऊ, आशुतोष शर्मा पुत्र धर्मेन्द्र नाथ शर्मा निवासी रिठोरा, जिला बरेली तथा जितेन्द्र कुमार पुत्र छोटेलाल निवासी विराट नगर, आजाद नगर, आलमबाग लखनऊ को नामजद किया गया है। इसके अलावा विक्रेता की पहचान अज्ञात बताई गई है।पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपों की पुष्टि विवेचना के बाद ही हो सकेगी।
