राज्यमंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह ने नवदंपतियों को दिया आशीर्वाद, गृहस्थी बसाने के लिए प्रत्येक जोड़े को मिलेगी एक लाख रुपये की सहायता *तिलोई, अमेठी* । मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत गुरुवार, 5 नवंबर 2026 को राजा विश्वनाथ शरण सिंह इंटर कॉलेज, तिलोई परिसर में भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में कुल 271 जोड़ों का विवाह उनकी धार्मिक परंपराओं और रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न कराया गया। इनमें 261 जोड़ों ने हिंदू रीति-रिवाज से सात फेरे लिए, जबकि 10 मुस्लिम जोड़ों का निकाह संपन्न हुआ।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह ने नवविवाहित जोड़ों को सुखी एवं समृद्ध दांपत्य जीवन का आशीर्वाद दिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए बड़ी राहत है। सरकार इस योजना के माध्यम से बेटियों के विवाह की जिम्मेदारी में सहभागी बनकर जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक संबल प्रदान कर रही है।जिला समाज कल्याण अधिकारी राम नगीना यादव ने बताया कि योजना के तहत प्रत्येक पात्र जोड़े के विवाह पर कुल एक लाख रुपये की सहायता का प्रावधान है। इसमें 64 हजार रुपये कन्या के बैंक खाते में गृहस्थी की स्थापना के लिए भेजे जाते हैं, 21 हजार रुपये की उपहार सामग्री दी जाती है तथा 15 हजार रुपये आयोजन पर खर्च किए जाते हैं।समारोह में जिलाधिकारी शशांक चौधरी, मुख्य विकास अधिकारी पूजा साहू, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अंशुमान सिंह, उपजिलाधिकारी तिलोई सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा तिलोई के प्रतिनिधि ब्लॉक प्रमुख कृष्ण कुमार सिंह उर्फ मुन्ना सिंह, सिंहपुर ब्लॉक प्रमुख अंकित पासी, बहादुरपुर ब्लॉक प्रमुख रामकली और प्रधान संघ अध्यक्ष वीरेंद्र तिवारी ने भी नवदंपतियों को आशीर्वाद दिया।सामूहिक विवाह समारोह ने सामाजिक समरसता, आपसी सहयोग और विभिन्न समुदायों के बीच सौहार्द का संदेश दिया।
