तीन दिन से नहीं लगा सुराग, बेटे ने नगराम थाने में दी तहरीर पुलिस से सकुशल बरामदगी की लगाई गुहार………
नगराम, लखनऊ। नगराम थाना क्षेत्र के डिघारी गांव के रहने वाले 65 वर्षीय बुजुर्ग शिवकुमार मिश्रा के अचानक लापता होने से परिवार में चिंता का माहौल है। बुजुर्ग के घर से लापता होने के बाद परिजनों ने रिश्तेदारी से लेकर आसपास के इलाकों तक काफी खोजबीन की, लेकिन उनका कहीं कोई सुराग नहीं लग सका। थक-हारकर मंगलवार को उनके बेटे संदीप मिश्रा ने नगराम थाने पहुंचकर पिता की गुमशुदगी के संबंध में प्रार्थना पत्र दिया और पुलिस से उनकी सकुशल तलाश कराने की गुहार लगाई।परिजनों के मुताबिक, शिवकुमार मिश्रा बीते रविवार की शाम करीब चार बजे बिना किसी को कुछ बताए घर से कहीं चले गए थे। काफी देर तक जब वह वापस नहीं लौटे तो परिवार के लोगों को चिंता होने लगी। इसके बाद परिजनों ने अपने स्तर से उनकी तलाश शुरू की। आसपास के गांवों, परिचितों और रिश्तेदारों के यहां भी संपर्क कर उनके बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास किया गया, लेकिन काफी प्रयासों के बावजूद उनका कोई पता नहीं चल सका।बुजुर्ग के अचानक लापता होने से परिवार के लोग बेहद परेशान हैं। परिजनों को आशंका है कि कहीं वह रास्ता भटककर किसी अनजान स्थान पर न चले गए हों। उनकी उम्र को देखते हुए परिवार के लोगों की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है।परिजनों द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, शिवकुमार मिश्रा की उम्र करीब 65 वर्ष, लंबाई लगभग पांच फीट और रंग गेहुँआ है। लापता होने के समय उन्होंने लाल रंग की शर्ट और काले रंग की पैंट पहन रखी थी। उनके पैरों में हवाई चप्पल थी। परिजनों ने आमजन से भी अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को बताए गए हुलिये का कोई बुजुर्ग दिखाई दे या उनके संबंध में कोई जानकारी मिले तो तत्काल परिवार अथवा नजदीकी पुलिस थाने को सूचित करें।
इस संबंध में थाना प्रभारी नगराम अंजनी सिंह ने बताया कि बुजुर्ग के लापता होने के संबंध में परिजनों की ओर से प्रार्थना पत्र प्राप्त हुआ है। मामले को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। बुजुर्ग की तलाश के लिए उपलब्ध जानकारी के आधार पर प्रयास किए जाएंगे।बेटे संदीप मिश्रा ने थाना प्रभारी से पिता की गुमशुदगी दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने तथा जल्द से जल्द उनका पता लगाकर सकुशल घर पहुंचाने की मांग की है। परिवार के लोग बुजुर्ग की सलामती को लेकर चिंतित हैं और उनकी सकुशल वापसी की उम्मीद लगाए बैठे हैं।
