एसएनटी ग्राउंड में देर रात तक गूंजे माता के जयकारे, व्यवस्था रही चाक-चौबंद
निगोहां, लखनऊ। शारदीय नवरात्रि के अवसर पर गुरुवार रात निगोहां के एसएनटी ग्राउंड में नवदुर्गा जागरण समिति की ओर से भव्य 11वाँ मां भगवती जागरण आयोजित किया गया। भक्ति गीतों और देवी-देवताओं की मनमोहक झांकियों ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। पूरा परिसर देर रात तक जय माता दी के जयकारों से गूंजता रहा।
जागरण में मां दुर्गा के नौ स्वरूपों, भगवान शिव, हनुमान जी और राधा-कृष्ण की आकर्षक झांकियां विशेष आकर्षण रहीं। भजन संध्या में कलाकारों ने भक्तिमय प्रस्तुतियां देकर श्रद्धालुओं को झूमने पर मजबूर कर दिया। वहीं, निगोहां कस्बा प्रभारी अनूप कुमार तिवारी पुलिस बल के साथ सुरक्षा व्यवस्था संभालते रहे। पुलिस की सतर्कता से कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
समिति के सदस्य सुजीत गुप्ता, अजय गुप्ता और प्रशांत त्रिवेदी ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य धार्मिक आस्था और सामाजिक सद्भाव को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम में निगोहां मंडल अध्यक्ष ललित सिंह, व्यापार मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र दीक्षित, भाजपा नेता दीपू बाजपेई, ग्राम प्रधान अभय दीक्षित, मुकेश द्विवेदी, प्रदीप द्विवेदी (पिंकू), वरिष्ठ पत्रकार जय शुक्ला, सूर्य प्रकाश द्विवेदी, नागेश्वर द्विवेदी, राहुल गुप्ता और चंद्र प्रकाश शुक्ला, संदीप द्विवेदी सहित सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद रहे। अंत में मां दुर्गा की आरती और प्रसाद वितरण के साथ जागरण का समापन हुआ।
