——
ग्रामीणों ने डीएम से सार्वजनिक भूमि सुरक्षित कराने की गुहार लगाई, मंदिर निर्माण और जमीन के विक्रय को लेकर भी उठे सवाल——–
मोहनलालगंज, लखनऊ। नगर पंचायत मोहनलालगंज के वार्ड संख्या-7 अतरौली में आबादी की भूमि पर प्रॉपर्टी डीलरों द्वारा कब्जे, निर्माण और प्लॉटिंग को लेकर मामला तूल पकड़ लिया।ग्रामीणों और वार्ड के सभासद ने सरकारी अभिलेखों में दर्ज आबादी की जमीन को सार्वजनिक उपयोग के लिए सुरक्षित रखने तथा मौके पर पैमाइश और सीमांकन कराने की मांग प्रशासन से की है। आरोप है कि जमीन के कुछ हिस्सों पर निजी कब्जे और निर्माण के प्रयास हो रहे हैं, जबकि शेष भूमि पर भी कब्जे की आशंका बनी हुई है।वार्ड संख्या-7 अतरौली के सभासद रामसेवक सिंह ने जिलाधिकारी को दिए शिकायती पत्र में गाटा संख्या-889 की आबादी भूमि का मामला उठाया है।उन्होंने आरोप लगाया है कि उक्त भूमि के एक हिस्से पर कब्जा कर मंदिर निर्माण समेत अन्य निर्माण कार्य के जरिए भूमि को निजी उपयोग में लेने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही आसपास प्लॉटिंग किए जाने और जमीन को निजी लोगों के बीच विभाजित किए जाने की आशंका भी जताई गई है।
शिकायत कर्ता सभासद के मुताबिक, गाटा संख्या-889 में लगभग आठ बिस्वा आबादी भूमि शेष है, जिसे क्षेत्रवासियों के हित में सार्वजनिक रास्ते अथवा पार्क के रूप में विकसित किया जा सकता है। उन्होंने आशंका जताई है कि समय रहते सीमांकन और संरक्षण की कार्रवाई नहीं हुई तो शेष भूमि पर भी कब्जा हो सकता है।शिकायती पत्र में पूर्व में वीर सिंह द्वारा दिनकर तिवारी के पक्ष में लगभग एक बिस्वा भूमि के विक्रय का भी उल्लेख किया गया है। सभासद ने संबंधित राजस्व अभिलेखों के आधार पर उक्त बिक्री की जांच कराने की मांग की है, ताकि भूमि के गाटा और हिस्से की स्थिति स्पष्ट हो सके।
सभासद ने जिलाधिकारी से राजस्व एवं नगर पंचायत अधिकारियों की संयुक्त टीम गठित कर भूमि की पैमाइश, सीमांकन, कब्जे और निर्माण की जांच कराने की मांग की है। अवैध कब्जा पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई कर भूमि को कब्जामुक्त कराने तथा सार्वजनिक उपयोग के लिए सुरक्षित रखने की मांग भी की गई है।इस मामले से संबंधित राजस्व जांच रिपोर्ट में अतरौली की गाटा संख्या-879, क्षेत्रफल 0.110 हेक्टेयर, को राजस्व अभिलेखों में श्रेणी 6(2) आबादी की भूमि दर्ज बताया गया है। राजस्व निरीक्षक की बीते 23 अक्टूबर की रिपोर्ट के अनुसार, भूमि के एक हिस्से पर पहले से आबादी है, जबकि कुछ भाग खाली था। रिपोर्ट में उल्लेख है कि रिक्त भूमि पर आवेदक द्वारा अपने कब्जे के आधार पर मंदिर निर्माण शुरू किया गया था, जिस पर गांव के कुछ लोगों ने आपत्ति जताई थी।
रिपोर्ट के मुताबिक, विवाद की स्थिति को देखते हुए क्षेत्रीय लेखपाल ने शांति व्यवस्था के दृष्टिगत नया निर्माण रोकने को कहा था। जांच में उपस्थित ग्रामीणों के हवाले से आवेदक का उक्त भूमि पर कब्जा और दखल बताया गया है। राजस्व निरीक्षक ने आबादी भूमि के मामले में तहसील स्तर से हस्तक्षेप उचित नहीं माना और संबंधित पक्ष को सक्षम न्यायालय अथवा थाने से नियमानुसार राहत लेने की सलाह दिए जाने का उल्लेख किया है।हालांकि, सभासद के शिकायती पत्र में गाटा संख्या-889 का उल्लेख है, जबकि राजस्व जांच रिपोर्ट में गाटा संख्या-879 दर्ज है। ऐसे में दोनों गाटों की स्थिति, भूमि के स्वामित्व, अभिलेखीय विवरण और मौके की वास्तविक स्थिति का स्पष्ट सत्यापन जरूरी है, ताकि विवाद और शिकायतों का तथ्यात्मक निराकरण हो सके।ग्रामीणों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर सार्वजनिक उपयोग की भूमि को सुरक्षित करने तथा कथित कब्जे, निर्माण और जमीन के लेनदेन से जुड़े मामलों की स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है।
