–माला पहनाकर व स्मृति चिन्ह देकर किया सम्मान, बोले—जनता के प्रति संवेदनशील रहे पुलिस
लखनऊ (संवाददाता)।
लखनऊ कमिश्नरेट के साउथ जोन के डीसीपी निपुण अग्रवाल के सेनानायक 9वीं वाहिनी पीएसी, मुरादाबाद के पद पर स्थानांतरण होने पर मंगलवार को कल्ली पश्चिम स्थित न्यू पुलिस लाइन के पास उनके कार्यालय में विदाई समारोह आयोजित किया गया।
इस दौरान एडीसीपी साउथ रल्लापल्ली वसंथ कुमार, मोहनलालगंज सर्किल के एसीपी विकास कुमार पांडे, कृष्णानगर के एसीपी रजनीश वर्मा, गोसाईंगंज के एसीपी ऋषभ यादव समेत साउथ जोन के थाना प्रभारियों व पुलिसकर्मियों ने डीसीपी को माला पहनाकर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर भावभीनी विदाई दी।
एडीसीपी साउथ रल्लापल्ली
वसंथ कुमार ने कहा कि निपुण अग्रवाल का कार्यकाल अनुशासित और प्रभावी रहा। उनके नेतृत्व में क्षेत्र में कानून व्यवस्था सुदृढ़ हुई और पुलिस की कार्यप्रणाली में सुधार देखने को मिला।
अन्य अधिकारियों ने भी उनके साथ कार्य करने के अनुभव साझा करते हुए उनके व्यवहार, कार्यशैली और नेतृत्व की सराहना की।
अपने संबोधन में डीसीपी निपुण अग्रवाल ने कहा कि स्थानांतरण सेवा का एक हिस्सा है। उन्होंने पुलिसकर्मियों को निर्देशित करते हुए कहा कि थानों पर आने वाले प्रत्येक पीड़ित की समस्या को गंभीरता से सुना जाए और निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि पुलिस का दायित्व जनता की सुरक्षा और सेवा है, जिसे पूरी निष्ठा और संवेदनशीलता के साथ निभाया जाना चाहिए। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी अधिकारियों व कर्मचारियों ने उन्हें भावुक मन से विदाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
