मोहनलालगंज। निगोहां प्रेस क्लब की मासिक बैठक सोमवार को मस्तीपुर स्थित गुरु कृपा रेस्टोरेंट में आयोजित की गई। बैठक में पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान, संगठन की मजबूती, पत्रकारिता के समक्ष बढ़ती चुनौतियों, फर्जी पत्रकारों पर कार्रवाई तथा सामाजिक सरोकारों से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में क्षेत्र के वरिष्ठ एवं युवा पत्रकारों ने एकजुट होकर पत्रकार हितों की रक्षा और जनहित की पत्रकारिता को और मजबूत बनाने का संकल्प लिया।बैठक की शुरुआत पत्रकार एकता और संगठन की मजबूती पर चर्चा के साथ हुई। वक्ताओं ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है, जो समाज की समस्याओं, जनभावनाओं और आम लोगों की आवाज को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का कार्य करता है। इसके बावजूद पत्रकारों को कई बार उत्पीड़न, दबाव, झूठे मुकदमों, धमकियों और बदनाम करने की साजिशों का सामना करना पड़ता है।वरिष्ठ पत्रकार योगेंद्र तिवारी ने अपने संबोधन में कहा कि पत्रकारों की सबसे बड़ी ताकत उनकी एकता है। यदि पत्रकार संगठित रहेंगे तो किसी भी प्रकार की चुनौती का मजबूती से सामना किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों को निष्पक्षता और निर्भीकता के साथ जनहित के मुद्दों को उठाना चाहिए, क्योंकि यही पत्रकारिता की वास्तविक पहचान है।वरिष्ठ पत्रकार ललित मिश्रा ने कहा कि पत्रकारिता केवल समाचार संकलन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समाज को दिशा देने का भी माध्यम है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में पत्रकारों के समक्ष कई चुनौतियां हैं, लेकिन ईमानदारी और निष्पक्षता के साथ किया गया कार्य हमेशा समाज में सम्मान दिलाता है। उन्होंने युवा पत्रकारों से जिम्मेदारी और तथ्यों के आधार पर पत्रकारिता करने का आह्वान किया।ललित दीक्षित ने कहा कि बदलते दौर में पत्रकारों को तकनीकी रूप से भी सशक्त होने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के दौर में भ्रामक सूचनाओं की भरमार है, ऐसे में पत्रकारों की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है कि वे सत्य एवं प्रमाणिक खबरों को जनता तक पहुंचाएं। उन्होंने पत्रकारों की सुरक्षा के लिए प्रभावी कानून की भी मांग की।वरिष्ठ पत्रकार दिलीप मिश्रा ने कहा कि पत्रकार समाज और प्रशासन के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी का कार्य करता है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों की समस्याओं और सुरक्षा को लेकर सरकार को गंभीरता से विचार करना चाहिए। उन्होंने संगठन को मजबूत बनाने और पत्रकार हितों के लिए निरंतर संघर्ष करने पर बल दिया।अनुराग सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि पत्रकारों को हर परिस्थिति में निष्पक्ष रहकर कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में पत्रकारों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। पत्रकारों को एक-दूसरे का सहयोग करते हुए संगठन की मजबूती के लिए कार्य करना चाहिए।जीके न्यूज़ के संपादक नागेश्वर द्विवेदी ने कहा कि पत्रकारिता केवल पेशा नहीं बल्कि समाज सेवा का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों को अपने अधिकारों और सुरक्षा के प्रति सजग रहने की आवश्यकता है। साथ ही उन्होंने फर्जी पत्रकारों पर प्रभावी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि ऐसे तत्व पूरे पत्रकार समाज की छवि को नुकसान पहुंचा रहे हैं। प्रशासन को वास्तविक और ईमानदार पत्रकारों के हितों की रक्षा के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए।बैठक में वक्ताओं ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि कई बार पत्रकार गांवों और दूरदराज क्षेत्रों में घटनाओं की कवरेज के दौरान अनावश्यक विवादों और दबाव का सामना करते हैं। कुछ लोग समाचार प्रकाशित होने पर पत्रकारों पर पक्षपातपूर्ण रिपोर्टिंग या सुविधा शुल्क लेने जैसे बेबुनियाद आरोप लगाकर उनकी छवि धूमिल करने का प्रयास करते हैं। ऐसे मामलों में पत्रकारों की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित किया जाना बेहद जरूरी है।पत्रकारों ने सर्वसम्मति से मांग की कि प्रदेश सरकार पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करे, पत्रकारों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करे तथा पत्रकार उत्पीड़न की घटनाओं पर तत्काल और प्रभावी कार्रवाई की जाए। साथ ही फर्जी पत्रकारों की पहचान कर उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई किए जाने की मांग भी उठाई गई।बैठक में सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाने, गरीब एवं असहाय लोगों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने तथा पत्रकारिता को जनसेवा का माध्यम बनाए रखने पर भी चर्चा की गई। अंत में सभी पत्रकारों ने संगठन को और मजबूत बनाने तथा पत्रकार हितों की आवाज को मजबूती से उठाने का संकल्प लिया।
बैठक में रहे प्रमुख रूप से उपस्थित पत्रकार….
वरिष्ठ पत्रकार रमेश द्विवेदी, मुकेश द्विवेदी, विमल सिंह, नागेश्वर द्विवेदी, योगेंद्र तिवारी, ललित मिश्रा, रमाकांत मिश्रा, अनुराग सिंह, ललित दीक्षित, शिवा मिश्रा, सनी पांडे, अरुण सिंह, मोइन खान, सौरभ सिंह, सुनील त्रिवेदी, सत्येंद्र मिश्रा, अनुराग तिवारी, धीरज तिवारी, विवेक कुमार, आर पी सिंह रामजी, सूरज तिवारी, शैलेन्द्र शुक्ला, दिलीप मिश्रा, आरिफ खान, आरिफ मंसूरी, प्रशांत त्रिवेदी, मुकेश मिश्रा, ब्रजराज सिंह, अशोक सिंह, प्रमोद सोनी, जय सिंह यादव, उमेश गुप्ता, विनय मिश्रा, राजेश मिश्रा, वेद यादव, श्यामजी, हिमांशु रावत, विमल गुप्ता, मुकुल सिंह, अविनाश पाण्डेय, भाजपा मंडल अध्यक्ष रुद्र प्रताप सिंह, विजय चंद्र तिवारी, ओम प्रकाश गौतम, सरोज यादव, सुजीत गुप्ता एवं सुनील पटेल सहित बड़ी संख्या में पत्रकार और गणमान्य लोग मौजूद रहे।
