संवाददाता – जितेन्द्र त्रिवेदी (जीतू)
रायबरेली। जनपद में भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी करप्शन टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वन विभाग के एक दरोगा को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान वन दरोगा संजय यादव के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, एंटी करप्शन टीम को शिकायत मिली थी कि वन दरोगा संजय यादव एक कार्य के बदले रिश्वत की मांग कर रहे हैं। शिकायत का सत्यापन करने के बाद टीम ने जाल बिछाया और आरोपी को 18 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया।
कार्रवाई के दौरान एंटी करप्शन टीम ने आरोपी को वन रेंजर कार्यालय से गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद टीम आरोपी को अपने साथ लेकर बछरावां थाने पहुंची, जहां उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया।
इस कार्रवाई के बाद वन विभाग में हड़कंप मच गया। एंटी करप्शन टीम द्वारा मामले की आगे की जांच की जा रही है और आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
एंटी करप्शन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और रिश्वतखोरी में लिप्त किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा।
