मोहनलालगंज। मोहनलालगंज पावर हाउस में संविदा पर तैनात लाइनमैन नागेंद्र यादव (28) की इलाज के दौरान मौत हो गई। मूल रूप से मलिहाबाद के जगतापुर निवासी नागेंद्र 8 नवंबर की देर रात ड्यूटी के लिए मोटरसाइकिल से मोहनलालगंज आ रहे थे। जैसे ही वह रानीखेड़ा गांव के पास पहुंचे, तभी एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में नागेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए थे। तत्काल उन्हें राहगीरों की मदद से ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां लगभग दो सप्ताह से उनका इलाज चल रहा था। हालांकि, हालत में सुधार न होने पर मंगलवार देर रात उन्होंने दम तोड़ दिया। अचानक आए इस दुखद समाचार से परिवार में मातम की चीख-पुकार मच गई। मृतक अपने पीछे पत्नी नंदिनी और एक मासूम बेटी को छोड़ गए हैं।मृतक के भाई ज्ञानेंद्र यादव ने बताया कि घटना पूरी तरह सड़क पर तेज रफ्तार में चलते अज्ञात वाहन की लापरवाही के कारण हुई। परिवार की तहरीर पर थाना मोहनलालगंज पुलिस ने अज्ञात वाहन व चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस ने बताया कि घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। वाहन की पहचान कर जल्द ही आरोपी चालक को गिरफ्तार किया जाएगा।परिवार, सहकर्मियों और गांव में नागेंद्र की मौत से शोक की लहर है। साथी कर्मचारियों ने शासन से मृतक के परिवार को आर्थिक सहायता व उचित मुआवजा दिलाने की मांग भी की है।
