72 वीं राष्ट्रीय सीनियर वालीबॉल चैंपियनशिप के लिए हुआ चयन
रायबरेली – रायबरेली जनपद के प्रतिभावान वालीबॉल खिलाड़ी पृथ्वीराज सिंह का 04 जनवरी 2026 से 11 जनवरी 2026 तक डॉ संपूर्णानंद स्टेडियम, वाराणसी में आयोजित होने वाली 72वीं 72 वीं राष्ट्रीय सीनियर वालीबॉल चैंपियनशिप में चयन होने पर क्षेत्र में खुशी की लहर है। पृथ्वीराज सिंह के चयन पर उनके परिवारीजनों, शुभचिंतकों व गणमान्य व्यक्तियों ने शुभकामनाएं दी हैं। पृथ्वी राज सिंह होनहार वॉलीबॉल खिलाड़ी हैं जो अपने खेल के साथ-साथ पढ़ाई को भी उतनी ही गंभीरता से लेते हैं। वर्तमान में पृथ्वी केआईआईटी यूनिवर्सिटी से मास्टर्स कर रहे हैं और बीजू पटनायक इंडोर स्टेडियम में नियमित रूप से प्रैक्टिस करते हैं। 2018 में वॉलीबॉल की शुरुआत करने के बाद से उन्होंने लगातार मेहनत की है और अब तक तीन सीनियर स्टेट चैंपियनशिप खेल चुके हैं।पिछले 5-6 सालों से पृथ्वी शिक्षा और खेल दोनों को साथ-साथ संभाल रहे हैं। सुबह कॉलेज की क्लासेस, शाम को स्टेडियम में प्रैक्टिस – यह उनकी रोजमर्रा की जिंदगी है। आसान तो नहीं है यह सफर, लेकिन पृथ्वी ने यह साबित किया है कि अगर इरादा पक्का हो तो दोनों लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं।उत्तर प्रदेश वालीबॉल एसोसिएशन के महासचिव सुनील कुमार तिवारी ने चयनित खिलाड़ियों की सूची जारी कर जानकारी दी। महासचिव सुनील कुमार तिवारी ने बताया कि 72वीं राष्ट्रीय सीनियर वॉलीबाल चैम्पियनशिप (पुरुष/महिला) 04 से 11 जनवरी 2026, डॉ० सम्पूर्णानन्द स्टेडियम, वाराणसी में आयोजित हो रही है। उक्त चैम्पियनशिप में भाग लेने हेतु उ०प्र० पुरूष एवं महिला टीमों के प्रशिक्षण शिविर हेतु खिलाड़ियों का चयन गत 14 दिसम्बर 2025 को ग्रीनपार्क स्टेडियम कानपुर में किया गया है। उक्त चयनित खिलाड़ियों का प्रशिक्षण शिविर 20 दिसम्बर 2025 से 03 जनवरी 2026 तक सम्पूर्णानन्द स्टेडियम, वाराणसी में आयोजित रहेगा। उक्त प्रशिक्षण के दौरान अन्तिम चयनित प्रदेशीय पुरूष एवं महिला टीमें राष्ट्रीय चैम्पियनशिप में प्रतिभाग करेंगी। उक्त क्रम में विभिन्न इकाइयों से खिलाड़ी प्रदेशीय सीनियर टीमों के प्रशिक्षण शिविर हेतु चयनित हुए हैं। महासचिव सुनील कुमार तिवारी ने कहाकि जीवन में खेल का विशेष महत्व है। खेल सिर्फ एक शौक या टाइम-पास नहीं है, यह जीवन का एक अभिन्न हिस्सा है। जो व्यक्ति खेल को गंभीरता से अपनाता है, उसे उसी सम्मान और समर्पण के साथ उसका पालन करना चाहिए जैसे वह अपनी पढ़ाई या करियर के प्रति करता है।खेल हमें अनुशासन, टीम वर्क, धैर्य और मेहनत सिखाता है। यह केवल शारीरिक फिटनेस का माध्यम नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण का एक महत्वपूर्ण साधन है। जब हम खेल को सम्मान देते हैं, तो हम अपने आप को, अपनी प्रतिबद्धता को और अपने लक्ष्यों को सम्मान देते हैं। जिला वालीबॉल एसोसिएशन रायबरेली के संयुक्त सचिव अखिलेश प्रताप सिंह ने कहा कि यदि आपने खेल को अपनाया है, तो उसे पूरे मन से जिएं। उसे वह समय, ऊर्जा और सम्मान दें जिसके वह हकदार है। क्योंकि अंत में, खेल सिर्फ जीत-हार का खेल नहीं है, यह आपके व्यक्तित्व को गढ़ने की एक यात्रा है।पृथ्वीराज सिंह की कहानी उन सभी युवाओं के लिए प्रेरणा है जो अपने सपनों को पूरा करने के लिए मेहनत करने को तैयार हैं और जो समझते हैं कि खेल सिर्फ एक गतिविधि नहीं, बल्कि जीवन का एक तरीका है। पृथ्वीराज सिंह के चयन पर रायबरेली कांग्रेस के जिला प्रवक्ता सिद्धार्थ त्रिवेदी, रायबरेली, विजय शंकर सिंह, अध्यक्ष जिला वालीबॉल एसोसिएशन,रायबरेली, जिला वालीबॉल एसोसिएशन, रायबरेली, अमित त्रिपाठी संयुक्त सचिव, डॉ भूपेंद्र सिंह कोषाध्यक्ष, अखिलेश प्रताप सिंह संयुक्त सचिव आदि ने पृथ्वीराज सिंह को शुभकामनाएं प्रेषित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
