लखनऊ। निगोहां के एसएनटी मैदान में आयोजित डॉ. पी.सी.मिश्रा क्रिकेट टूर्नामेंट का शुक्रवार को उत्साह और रोमांच के साथ भव्य समापन हुआ। सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों को रोमांचित कर दिया। फाइनल में निगोहां प्रेस क्लब ने रानू प्रधान इलेवन को हराकर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।टूर्नामेंट के सेमीफाइनल मुकाबले में निगोहां प्रेस क्लब और पीसीएम टीम आमने-सामने रही। 13 ओवर के इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए निगोहां प्रेस क्लब ने आक्रामक खेल दिखाते हुए 188 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी पीसीएम की टीम दबाव में बिखर गई और 89 रन पर ही सिमट गई। इस एकतरफा जीत के साथ निगोहां प्रेस क्लब ने फाइनल में प्रवेश किया।फाइनल मुकाबला निगोहां प्रेस क्लब और रानू प्रधान इलेवन के बीच 16 ओवरों का खेला गया, जो अंत तक बेहद रोमांचक रहा। टॉस जीतकर निगोहां प्रेस क्लब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 101 रन बनाए। जवाब में रानू प्रधान इलेवन ने संघर्षपूर्ण खेल दिखाया, लेकिन 16 ओवर में 9 विकेट खोकर 92 रन ही बना सकी। इस तरह निगोहां प्रेस क्लब ने फाइनल मुकाबला जीतकर खिताब अपने नाम कर लिया।मैच के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में टूर्नामेंट के आयोजक अंकुर मिश्रा ने विजेता टीम निगोहां प्रेस क्लब को 5 फीट ऊंची ट्रॉफी और 1,51,000 रुपये का चेक प्रदान कर सम्मानित किया। वहीं उपविजेता रानू प्रधान इलेवन को ट्रॉफी के साथ 1 लाख रुपये का नकद पुरस्कार दिया गया।पूरे टूर्नामेंट में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द सीरीज का खिताब विजेता टीम के मो. सैफ को दिया गया, जिन्होंने 87 रन बनाने के साथ 7 विकेट भी झटके। फाइनल मैच में शानदार खेल के लिए मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार अनिकेत को मिला, जिन्होंने नाबाद 18 रन बनाए और 2 विकेट हासिल किए।मैच को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाने वाले स्कोरर विशाल गुप्ता, अभिषेक मिश्रा, राजा शंकर, अंशुल, अनुराग यादव, जतिन तथा अंपायर सूरज नागर और टिंकू द्विवेदी को भी सम्मानित किया गया।समापन समारोह में भाजपा जिलाध्यक्ष लखनऊ विजय मोर्या, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष धीरू पाण्डेय, भाजपा अनुसूचित मोर्चा जिलाध्यक्ष कामता प्रसाद, निगोहा प्रेस क्लब संरक्षक मुकेश द्विवेदी, अध्यक्ष विमल सिंह, महामंत्री प्रदीप द्विवेदी, नवीन मिश्रा, पंकज मिश्रा समेत कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। मैदान में हजारों दर्शकों की मौजूदगी रही, जबकि मैच का ऑनलाइन लाइव प्रसारण लाखों लोगों ने देखा। टूर्नामेंट के सफल आयोजन से क्षेत्र में क्रिकेट प्रेमियों और युवाओं में उत्साह का माहौल है और आयोजकों के प्रयासों की सराहना की जा रही है।
