नगराम। लखनऊ, नगराम पुलिस ने वर्ष के अंतिम दिन नशे के अवैध कारोबार पर बड़ी चोट करते हुए दो शातिर मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 990 ग्राम स्मैक बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है। नगराम पुलिस के अनुसार, मंगलवार को नगराम पुलिस एवं एंटी नारकोटिक्स टीम द्वारा क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि रायबरेली जनपद के रहने वाले दो युवक नगराम क्षेत्र में मादक पदार्थ बेचने की फिराक में घूम रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर दोनों को दबोच लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान कुलदीप सिंह पुत्र राजकुमार सिंह, निवासी ग्राम दसौली, थाना महराजगंज, जनपद रायबरेली तथा अंकुश यादव पुत्र गंगा प्रसाद यादव, निवासी पूरे बाबर खां पोस्ट अमावा, थाना मिल एरिया, जनपद रायबरेली के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान इनके पास से 990 ग्राम स्मैक बरामद की गई।पुलिस द्वारा पूछताछ में अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि वे रायबरेली और लखनऊ के विभिन्न इलाकों में चोरी-छिपे नशीले पदार्थों की सप्लाई कर मोटा मुनाफा कमाते थे और इसी अवैध धंधे से अपना जीवनयापन कर रहे थे। बरामदगी के आधार पर नगराम पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत कर दोनों आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। एसीपी विकास पाण्डे ने बताया कि प्रारंभिक जांच में अभियुक्तों के खिलाफ किसी अन्य गंभीर आपराधिक मामले की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन इनके संपर्कों और सप्लाई नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है, ताकि नशे के इस अवैध कारोबार की जड़ तक पहुंचा जा सके।इस पूरी कार्रवाई में एएनटीएफ टीम और थाना नगराम पुलिस की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ ने स्पष्ट संदेश दिया है कि नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और समाज को बर्बाद करने वाले ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।
