मोहनलालगंज, लखनऊ।किसानों के जनहित से जुड़े मुद्दों और वर्षों से लंबित समस्याओं को सरकार तक मजबूती से पहुंचाने के उद्देश्य से भारतीय किसान यूनियन (भानू गुट) द्वारा 1 फरवरी से 10 फरवरी तक “क्रांति किसान पदयात्रा” का आयोजन किया जाएगा। यह पदयात्रा लखनऊ ज़िले के विभिन्न ब्लॉक व तहसील क्षेत्रों से होकर गुज़रेगी, जिसमें बड़ी संख्या में किसान, महिलाएं, युवा व ग्रामीणजन शामिल होंगे।पदयात्रा का शुभारम्भ रविवार सुबह 10 बजे गोसाईगंज ब्लॉक से होगा। इसके बाद यह यात्रा लखनऊ जनपद के अलग-अलग ग्रामीण इलाकों, ब्लॉक व तहसील क्षेत्रों से होती हुई पीजीआई स्थित वृंदावन में सम्पन्न होगी। यात्रा के दौरान प्रत्येक ब्लॉक व तहसील स्तर पर किसानों की मौजूदगी में जनसमस्याओं को लेकर संवाद, ज्ञापन व जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।इस क्रांति किसान पदयात्रा का नेतृत्व भारतीय किसान यूनियन भानू गुट के प्रदेश प्रभारी ऋषि मिश्रा करेंगे। उन्होंने बताया कि यह पदयात्रा पूरी तरह से जनहित व किसान हित को समर्पित है। इसमें किसानों की प्रमुख समस्याओं फसलों का उचित समर्थन मूल्य, बिजली, सिंचाई और नहरों की बदहाल व्यवस्था
खाद-बीज की समय पर उपलब्धता बढ़ती महंगाई
बेरोजगारी ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों के साथ हो रहे उत्पीड़न जैसे अहम मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। पदयात्रा के माध्यम से किसानों की आवाज़ को एकजुट कर सरकार तक ठोस और संगठित संदेश पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।संगठन पदाधिकारियों का कहना है कि यह यात्रा किसी राजनीतिक स्वार्थ से प्रेरित नहीं है, बल्कि किसान, खेत और गांव के भविष्य को सुरक्षित करने के संकल्प के साथ निकाली जा रही है। इस पदयात्रा में हजारों की संख्या में किसान, महिलाएं, युवा और युवतियां भाग लेंगे।कार्यक्रम में संगठन के कई वरिष्ठ पदाधिकारी सक्रिय भूमिका में मौजूद रहेंगे, जिनमें प्रमुख रूप से प्रदेश प्रभारी ऋषि मिश्रा,मण्डल मीडिया प्रभारी मुकेश द्विवेदी,जिला अध्यक्ष पूर्वी लखनऊ अमरेंद्र कुमार अन्नू,प्रदेश प्रवक्ता अनिल वर्मा,जिला उपाध्यक्ष अशोक यादव,मण्डल उपाध्यक्ष तेजवीर सिंह,युवा मोर्चा मण्डल अध्यक्ष मोनिश खान,युवा मोर्चा मण्डल उपाध्यक्ष उमेश यादव,ब्लॉक अध्यक्ष गोसाईगंज आयुष वर्मा,
ब्लॉक अध्यक्ष मोहनलालगंज जंगबहादुर यादव,
जिला अध्यक्ष सैनिक प्रकोष्ठ अर्जुन सिंह फौजी
सहित अनेक पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल रहेंगे।
प्रदेश प्रभारी ऋषि मिश्रा ने लखनऊ ज़िले के समस्त किसानों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर क्रांति किसान पदयात्रा को सफल बनाएं, ताकि किसानों की एकजुट और बुलंद आवाज़ सरकार तक पूरी ताकत के साथ पहुंचे।
