लवल की टीम ने निगोहां थाने की टीम को किया टूर्नामेंट से बाहर……
निगोहां। लखनऊ।निगोहां क्षेत्र के शेरपुर लवल गांव में रविवार को सातवें महावीर क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ हुआ। ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच देने वाले इस क्रिकेट महोत्सव का उद्घाटन मोहनलालगंज ब्लॉक प्रमुख ओमप्रकाश शुक्ला ने फीता काटकर किया। उद्घाटन अवसर पर खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उन्होंने खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने की अपील की।टूर्नामेंट के पहले दिन दो रोमांचक लीग मुकाबले खेले गए।पहला मुकाबला लालपुर और पुरहिया की टीमों के बीच हुआ, जिसमें पुरहिया की टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। बल्लेबाजी करने उतरी लालपुर की टीम ने निर्धारित 12 ओवरों में 76 रन बनाकर लक्ष्य रखा। जवाब में पुरहिया की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मात्र 10 ओवरों में लक्ष्य हासिल कर मुकाबला अपने नाम कर लिया। इस मैच में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए विराट को मैन ऑफ द मैच चुना गया।दूसरा लीग मुकाबला शेरपुर लवल और निगोहां थाने की टीम के बीच खेला गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए शेरपुर लवल की टीम ने सधे हुए खेल का प्रदर्शन करते हुए 123 रनों का मजबूत लक्ष्य खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी निगोहां थाने की टीम संघर्ष करती नजर आई और 103 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। इस जीत के साथ शेरपुर लवल की टीम ने निगोहां थाने की टीम को टूर्नामेंट से बाहर का रास्ता दिखा दिया। शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए 17 रन बनाने और 3 विकेट लेने वाले बिक्की सिंह को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।टूर्नामेंट के आयोजक संतोष बाजपेई ने बताया कि इस ग्रामीण क्रिकेट प्रतियोगिता में कुल 16 टीमों ने अपनी सहभागिता दर्ज कराई है, और आने वाले दिनों में और भी रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे।उद्घाटन अवसर पर मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख ओमप्रकाश शुक्ला के साथ विशिष्ट अतिथि के रूप में निगोहां व्यापार मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र दीक्षित, भाजपा नेता राजाराम वर्मा, अभिषेक शुक्ला, नवीन मिश्रा, जावेंद्र तिवारी ‘काका’, आशीष त्रिपाठी, विनोद वर्मा व अरुण सिंह मौजूद रहे। आयोजक समिति की ओर से सभी अतिथियों का फूल-मालाओं व अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया गया।
ग्रामीण दर्शकों की भारी मौजूदगी के बीच टूर्नामेंट का आगाज उत्साह और खेल भावना के साथ संपन्न हुआ।
