10वीं विशाल तिरंगा यात्रा का भव्य आयोजन, देशभक्ति के रंग में रंगा क्षेत्र…..मोहनलालगंज। लखनऊ,77वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर सोमवार, 26 जनवरी को मोहनलालगंज क्षेत्र में 10 वीं विशाल तिरंगा यात्रा का भव्य आयोजन किया गया। यह यात्रा खुर्दही बाजार स्थित पेट्रोल पंप से प्रारंभ होकर अमेठी तक निकाली गई। तिरंगा यात्रा में युवाओं के साथ-साथ बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिकों, समाजसेवियों एवं गणमान्य लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।यात्रा के दौरान देशभक्ति गीतों और “भारत माता की जय”,“वंदे मातरम्” जैसे गगनभेदी नारों से पूरा क्षेत्र देशभक्ति के रंग में सराबोर हो गया। हाथों में तिरंगा लिए युवाओं का जोश देखते ही बन रहा था। मार्ग में जगह-जगह स्थानीय लोगों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया।इस विशाल तिरंगा यात्रा का आयोजन रूद्र प्रताप सिंह, अनुपम सिंह, अमीर राईन, शिव प्रताप सिंह एवं विष्णु मिश्रा के नेतृत्व में किया गया। आयोजकों ने बताया कि यह यात्रा पिछले कई वर्षों से निरंतर आयोजित की जा रही है और इस वर्ष इसका 10वां संस्करण था, जिसे लेकर क्षेत्रवासियों में विशेष उत्साह देखने को मिला।आयोजकों ने कहा कि तिरंगा यात्रा का मुख्य उद्देश्य युवाओं एवं आम नागरिकों में देशप्रेम, राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता की भावना को और अधिक मजबूत करना है। साथ ही गणतंत्र दिवस के महत्व को जन-जन तक पहुंचाना भी इस आयोजन का प्रमुख लक्ष्य है।पूरी यात्रा शांतिपूर्ण, अनुशासित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। स्थानीय प्रशासन एवं स्वयंसेवकों का भी सहयोग सराहनीय रहा। कार्यक्रम के समापन पर आयोजकों ने सभी प्रतिभागियों और क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया।
