निगोहां। लखनऊ , निगोहां क्षेत्र के खेल प्रेमियों के लिए आयोजित डॉ. पी.सी. मिश्रा क्रिकेट टूर्नामेंट में बुधवार को रोमांच चरम पर रहा। टूर्नामेंट के तहत एक ही दिन में तीन मुकाबले खेले गए, जिनमें दो क्वार्टर फाइनल मैच 10-10 ओवर के तथा एक सेमीफाइनल मुकाबला 13 ओवर का खेला गया। दर्शकों की भारी भीड़ और खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन ने पूरे आयोजन को यादगार बना दिया।दिन का पहला क्वार्टर फाइनल मुकाबला केपी गार्डन सिटी और मरुई इलेवन के बीच खेला गया। टॉस के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए केपी गार्डन सिटी की टीम ने निर्धारित ओवरों में 144 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी मरुई इलेवन की टीम संघर्ष करती नजर आई और पूरे ओवर खेलने के बाद 103 रन ही बना सकी। इस तरह केपी गार्डन सिटी ने मुकाबला जीतकर सेमीफाइनल में जगह बनाई।दूसरा क्वार्टर फाइनल मैच (डीएसडी) बाबा बारुदी इलेवन और रानू प्रधान इलेवन के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए बाबा बारुदी की टीम ने 10 ओवरों में 118 रनों का लक्ष्य रखा। जवाब में रानू प्रधान इलेवन की टीम ने आक्रामक बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए 9.4 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया और सेमीफाइनल में प्रवेश किया।दिन का सबसे अहम मुकाबला सेमीफाइनल के रूप में केपी गार्डन सिटी और रानू प्रधान इलेवन के बीच खेला गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए केपी गार्डन सिटी ने 13 ओवरों में 152 रनों का लक्ष्य रखा। लक्ष्य का पीछा करने उतरी रानू प्रधान इलेवन ने बेहतरीन टीमवर्क और दमदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए 12 ओवर में ही मुकाबला अपने नाम कर लिया, जिससे टीम ने फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।इस दिन के स्टार खिलाड़ी रहे रानू प्रधान इलेवन के बल्लेबाज नुमान, जिन्हें दोनों मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया। नुमान ने सेमीफाइनल में 22 गेंदों पर ताबड़तोड़ 53 रन बनाकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।मैच के दौरान करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष दुर्गेश सिंह दीपू भी अपने साथियों के साथ मंच पर मौजूद रहे और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। आयोजन समिति की ओर से नीशू उर्फ अंकुर मिश्रा ने जानकारी दी कि टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला 2 जनवरी को खेला जाएगा, जिसे लेकर क्षेत्र के खेल प्रेमियों में खासा उत्साह है।
