पीजीआई, लखनऊ।पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ के अंतर्गत सुशांत गोल्फ सिटी थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए धोखाधड़ी के एक गंभीर मामले में लंबे समय से फरार चल रहे शातिर आरोपी अजय गौतम को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने पीड़िता को दूसरी जगह जमीन दिलाने का झांसा देकर उसकी पुश्तैनी जमीन बिकवा दी और लाखों रुपये हड़प लिए। रुपये वापस मांगने पर पीड़िता को जान से मारने की धमकी देकर आरोपी फरार हो गया था।
इस मामले में पीड़िता की शिकायत पर 15 जुलाई 2025 को थाना सुशांत गोल्फ सिटी में मुकदमा दर्ज किया गया था। प्रारंभ में आरोपी के खिलाफ आपराधिक विश्वासघात व आपराधिक धमकी की धाराएं लगाई गई थीं, जबकि विवेचना के दौरान बीएनएस की धारा 318(4) धोखाधड़ी की बढ़ोतरी की गई।शनिवार को पुलिस को मुखबिर से सटीक सूचना प्राप्त हुई, जिस पर तत्काल कार्रवाई करते हुए थाना पुलिस टीम ने वृंदावन कॉलोनी सेक्टर-10 कट के पास से आरोपी को धर दबोचा। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अजय गौतम पुत्र रामकिशुन, निवासी ग्राम कलंदरखेड़ा, थाना मोहनलालगंज, लखनऊ के रूप में हुई है। उसके कब्जे से बिना नंबर प्लेट की सफेद रंग की ब्रेजा कार भी बरामद की गई।पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ वर्ष 2016 में थाना बाजार शुक्ल, जनपद अमेठी में धोखाधड़ी, जालसाजी एवं आर्म्स एक्ट से जुड़े दो मुकदमे दर्ज हैं, जिससे उसकी आपराधिक प्रवृत्ति उजागर होती है।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर गहन पूछताछ की और आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह सफलता मजबूत मुखबिर तंत्र, सतर्क निगरानी और निरंतर प्रयासों का परिणाम है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी ने इस तरह की ठगी और किन-किन लोगों के साथ की है।
