मोहनलालगंज। लखनऊ, मोहनलालगंज क्षेत्र के युवा समाजसेवी राजा पाण्डेय ने अपने पिता स्वर्गीय शिवशंकर पाण्डेय की पुण्य तिथि के अवसर पर समाजसेवा का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया। इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्र के जरूरतमंदों को कंबल तथा असहाय परिवारों को राशन सामग्री का वितरण किया। कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में जरूरतमंद लोग उपस्थित रहे।कार्यक्रम का आयोजन सादगीपूर्ण एवं भावनात्मक माहौल में किया गया। राजा पाण्डेय ने अपने पिता की स्मृति में सेवा कार्य को ही सच्ची श्रद्धांजलि बताते हुए कहा कि समाज के कमजोर वर्ग की मदद करना ही उनके पिता के संस्कारों की पहचान रही है। उन्होंने आगे भी इसी तरह सामाजिक कार्य करते रहने की प्रतिबद्धता जताई।कंबल व राशन वितरण के दौरान बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला। ठंड के मौसम में कंबल पाकर जरूरतमंदों के चेहरे खिल उठे, वहीं राशन सामग्री मिलने से असहाय परिवारों को बड़ी राहत मिली।स्थानीय लोगों एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने राजा पाण्डेय के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्य समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं और युवाओं को सेवा के लिए प्रेरित करते हैं। कार्यक्रम के दौरान व्यवस्था बनाए रखने में स्वयंसेवकों ने भी अहम भूमिका निभाई।अंत में स्वर्गीय शिवशंकर पाण्डेय के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया गया।
