रोमांचक मुकाबलों में कई जिलों के पहलवानों ने जीते दांव, विजेताओं को किया गया सम्मानित
लखनऊ। नगराम के समेसी ग्राम पंचायत स्थित प्राचीन देवस्थान श्री राकश वीर बाबा के परिसर में नवमी तिथि के अवसर पर आयोजित मेले में दंगल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। दंगल में विभिन्न जनपदों से आए पहलवानों ने अपने दमखम का शानदार प्रदर्शन किया। मुकाबलों को देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ उमड़ी रही।
मेला आयोजक एवं समेसी ग्राम प्रधान अशोक कुमार रावत ने बताया कि पहली कुश्ती सालेहनगर के मोहित और अयोध्या के नारायण के बीच हुई, जिसमें मोहित ने नारायण को पटखनी देकर जीत दर्ज की। इसके बाद नगराम के सिकंदर और सलेमपुर के पंकज के बीच हुए मुकाबले में सिकंदर विजयी रहे। अन्य मुकाबलों में भावाखेड़ा के अमन ने तेलीबाग के अनुज को हराया, जबकि भावाखेड़ा के ही इंद्रभान ने सिसेंडी के अवधेश को पराजित किया। रायबरेली के असहन जगतपुर निवासी धर्मेंद्र ने भौसी के पंकज को हराया। उन्नाव के नीरज और माती के पंकज के बीच हुए कड़े मुकाबले में नीरज ने बाजी मारी। रायबरेली के परमहंस ने खुझौली के कुलदीप को पटखनी दी। इसके अलावा भावाखेड़ा के शेरा, रायबरेली के अखिलेश, लखनऊ के विकास मिश्रा, थुल्हेड़ी के आर्यन, सालेहनगर के कुलदीप और अयोध्या के नारायण ने भी अपने-अपने मुकाबले जीतकर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। दंगल प्रतियोगिता का उद्घाटन समाजसेवी नागेश्वर द्विवेदी ने किया। प्रतियोगिता में विजयी पहलवानों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन अंकुश शर्मा ने किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि बैजनाथ रावत (अध्यक्ष, अनुसूचित जाति-जनजाति आयोग उत्तर प्रदेश) सहित पूर्व प्रधान प्रतिनिधि अतुल यादव, राजेश वर्मा (मुन्ना भइया), अमित यादव, मस्तीपुर के प्रधान सूर्यकांत द्विवेदी, सुधी मिश्रा, सुनील तिवारी, रामहर्ष यादव, देवदत्त यादव, सतगुरु रावत, सुमित, श्रवण कुमार रावत, अभय वर्मा, विनोद रावत तथा रेफरी जगदीश प्रसाद सुकलवा, आलोक कुमार अमावां, शमशेर भावाखेड़ा सहित कई लोग मौजूद रहे।
