मोहनलालगंज।लखनऊ,मोहनलालगंज कोतवाली क्षेत्र के एक गांव से 15 वर्षीय किशोरी के रहस्यमय तरीके से लापता हो जाने का मामला सामने आया है। बेटी के अचानक गायब होने से परिजनों में हड़कंप मच गया है। काफी तलाश के बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं मिला तो परिजनों ने पुलिस से शिकायत कर मदद की गुहार लगाई है।प्राप्त जानकारी के अनुसार म्यादा खेड़ा मजरा भसंडा निवासी जगदीश पुत्र स्वर्गीय राम औतार बीते मंगलवार की सुबह मजदूरी करने के लिए लखनऊ चले गए थे। वहीं उनकी पत्नी सुनीता दोपहर को खेत में सरसों की कटाई करने चली गई थीं। घर पर उनकी 15 वर्षीय पुत्री अनीषा और 13 वर्षीय पुत्र सचिन मौजूद थे।गुमशुदा किशोरी के पिता ने बताया कि शाम करीब छह बजे जब सुनीता खेत से वापस घर लौटीं तो उनकी पुत्री अनीषा घर पर नहीं मिली। पूछताछ करने पर छोटे भाई सचिन ने बताया कि उसे अपनी बहन के बारे में कोई जानकारी नहीं है। इसके बाद परिजनों ने आसपास के इलाकों में काफी तलाश की और रिश्तेदारों व परिचितों से भी संपर्क किया, लेकिन किशोरी का कहीं कोई पता नहीं चल सका।परिजनों के मुताबिक किशोरी के पास मोबाइल फोन भी है, लेकिन फोन मिलाने पर स्विच ऑफ बता रहा है। बेटी के अचानक लापता हो जाने से परिवार के लोग काफी परेशान और डरे हुए हैं तथा किसी अनहोनी की आशंका जता रहे हैं।इस संबंध में पीड़ित पिता जगदीश ने मोहनलालगंज थाने में लिखित तहरीर देकर बेटी की तलाश की गुहार लगाई है। मोहनलालगंज कोतवाल बृजेश त्रिपाठी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और किशोरी की तलाश के लिए पुलिस टीम लगाई गई है। आसपास के क्षेत्रों में खोजबीन के साथ ही अन्य जरूरी जांच की जा रही है।पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही किशोरी को खोज निकालने का प्रयास किया जाएगा। वहीं घटना के बाद से परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में भी इस घटना को लेकर चर्चा बनी हुई है।
