मोहनलालगंज।लखनऊ,मोहनलालगंज के विधायक अमरेश रावत को फोन पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना से इलाके में हड़कंप मच गया, हालांकि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।विधायक के मुताबिक, 21 मार्च को दोपहर करीब 2:21 बजे उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आई। उस समय फोन उनके सहयोगी उत्तम कुमार के पास था। कॉल करते ही युवक ने अभद्र भाषा का प्रयोग शुरू कर दिया और जातिसूचक शब्दों के साथ जान से मारने की धमकी दी।मामले की गंभीरता भांपते हुए जब विधायक ने खुद फोन पर बात की और अपना परिचय दिया, तब भी आरोपी नहीं रुका। बाद में विधायक के ड्राइवर अनिल रावत ने जब दूसरे नंबर से कॉल बैक किया, तो उसे भी गालियां और धमकियां दी गईं।
कॉल डिटेल खंगालने पर आरोपी की पहचान नगराम क्षेत्र के अंग्वापुर मुर्तजा गांव निवासी लालबहादुर साहू के रूप में हुई। विधायक की ओर से सहयोगी उत्तम कुमार ने थाने में तहरीर देकर सख्त कार्रवाई की मांग की।थानाध्यक्ष विवेक कुमार चौधरी ने बताया कि आरोपी लालबहादुर साहू को गिरफ्तार कर लिया गया है। पूछताछ में सामने आया कि वह घटना के समय नशे में था।
कानून-व्यवस्था पर उठे सवाल………
जनप्रतिनिधि के साथ इस तरह की अभद्रता ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों में चर्चा है कि जब विधायक ही सुरक्षित नहीं, तो आम जनता की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित होगी।
