निगोहां, लखनऊ।देश की रक्षा करते हुए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर सपूत शहीद अमरेंद्र बहादुर सिंह उर्फ ‘टाइगर’ की स्मृति में रविवार को निगोहां क्षेत्र में एक भव्य श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर तिरंगा फहराकर शहीद को नमन किया गया और पूरे क्षेत्र में देशभक्ति का माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम की शुरुआत राजपूत बटालियन से पहुंचे सूबेदार मध सिंह द्वारा ध्वजारोहण से हुई। इसके बाद उपस्थित सेना के अधिकारियों, भूतपूर्व सैनिकों, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने शहीद की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। श्रद्धांजलि सभा के दौरान ‘टाइगर सिंह अमर रहें’ और ‘भारत माता की जय’ के नारों से पूरा वातावरण गूंज उठा।गौरतलब है कि निगोहां निवासी जंगबहादुर सिंह के पुत्र अमरेंद्र बहादुर सिंह वर्ष 2002 में कारगिल युद्ध के दौरान घुसपैठियों से लोहा लेते हुए वीरगति को प्राप्त हुए थे। देश के लिए अपने प्राण न्यौछावर करने वाले इस वीर सपूत की शहादत आज भी क्षेत्रवासियों के लिए गर्व और प्रेरणा का स्रोत बनी हुई है।शहीद के परिवार की कहानी भी बेहद भावुक कर देने वाली है। शहादत के दो वर्ष बाद ही वर्ष 2004 में उनकी पत्नी सोनिया सिंह का भी निधन हो गया था। उनके पीछे दो बेटियां रह गईं, जिनकी परवरिश उनके दादा जंगबहादुर सिंह ने कठिन परिस्थितियों में की। बड़ी बेटी अनुपमा सिंह का हाल ही में विवाह संपन्न हुआ है, जबकि छोटी बेटी प्रिया सिंह प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही हैं।श्रद्धांजलि सभा के दौरान ग्रामीणों ने एक स्वर में मांग उठाई कि शहीद अमरेंद्र बहादुर सिंह की स्मृति में निगोहां मार्ग पर एक भव्य शहीद द्वार (गेट) का निर्माण कराया जाए, जिससे आने वाली पीढ़ियां उनके बलिदान को याद रख सकें।इस मौके पर शहीद के पिता जंगबहादुर सिंह, भाई रणविजय सिंह, बेटी प्रिया सिंह सहित परिवार के सदस्य मौजूद रहे। साथ ही क्षेत्रीय विधायक अमरेश रावत, राजपूत बटालियन के हवलदार कृष्ण कुमार, अरुण कुमार, नायक नखत सिंह, सिपाही मुकेश गुर्जर, संतोष कुमार, भूतपूर्व सैनिक मनोज सोनी, प्रतीक शुक्ला, मनमोहन तिवारी, ब्लॉक प्रमुख ओमप्रकाश शुक्ला, व्यापार मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र दीक्षित, संजीव शुक्ला, अभिषेक शुक्ला, भाजपा नेता सुधांशू सिंह, मंडल अध्यक्ष ललित सिंह, अभय सिंह, आईपी सिंह, विकास सिंह, शैलेंद्र सिंह, अभय प्रताप सिंह समेत बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।पूरे कार्यक्रम के दौरान शहीद के प्रति सम्मान और गर्व की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई दी। ग्रामीणों ने संकल्प लिया कि वे शहीद के आदर्शों पर चलकर समाज और देश की सेवा करते रहेंगे।
