निगोहा।लखनऊ, निगोहां थाना क्षेत्र के ककुहा खेड़ा गांव निवासी रामचंद्र कुशवाहा की पुत्री के साथ दहेज उत्पीड़न का मामला सामने आया है। मिडिएशन की प्रक्रिया विफल होने के बाद पुलिस ने ससुराल पक्ष के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित पिता रामचंद्र कुशवाहा ने अपनी पुत्री का विवाह वर्ष 2018 में रायबरेली जनपद के हरचन्दपुर थाना क्षेत्र स्थित बड़ा पूरा गांव निवासी रविंद्र कुमार कुशवाहा उर्फ बेचू लाल के साथ हिन्दू रीति-रिवाज से किया था। विवाह के दौरान अपनी सामर्थ्य के अनुसार नगद व दहेज का सामान भी दिया गया था।आरोप है कि विवाह के कुछ समय बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर विवाहिता को प्रताड़ित किया जाने लगा। पीड़िता के मायके आने पर भी उसका स्त्रीधन, कपड़े व अन्य सामान ससुराल पक्ष ने अपने पास ही रख लिया।पीड़ित पिता के अनुसार, नवरात्र माह वर्ष 2021 में जब वह अपनी पुत्री को ससुराल छोड़ने गया, तो वहां मौजूद सास, ससुर, पति व ननद सहित अन्य परिजनों ने उस पर लाठी-डंडों से हमला करने का प्रयास किया। हालांकि, गांव के लोगों के हस्तक्षेप से वह किसी तरह अपनी जान बचाकर पुत्री को वापस घर ले आया।इसके बाद पीड़ित पिता द्वारा पुलिस को तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई गई। मामले को सुलझाने के लिए न्यायालय द्वारा मिडिएशन की प्रक्रिया भी कराई गई, लेकिन दोनों पक्षों में समझौता नहीं हो सका।मिडिएशन विफल होने के बाद निगोहां पुलिस ने ससुराल पक्ष के खिलाफ दहेज उत्पीड़न सहित अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।इस संबंध में निगोहां थाना प्रभारी अनुज कुमार तिवारी ने बताया कि वादी की तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Wonderful clarity and practical focus — thank you.
This website is quietly brilliant.