नगराम, लखनऊ। नगराम क्षेत्र के छतौनी स्थित शिवनंदन इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य एस.सी. मिश्रा (ज्ञानी) मंगलवार को 40 वर्षों की गौरवशाली सेवा पूर्ण कर सेवानिवृत्त हो गए। उनकी विदाई को यादगार बनाने के लिए क्षेत्र में भव्य और भावुक समारोह आयोजित किया गया, जिसमें शिक्षकों, छात्रों, अभिभावकों और क्षेत्रीय लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
प्रधानाचार्य एस.सी. मिश्रा का नगराम मोड़ निगोहा से सैकड़ों समर्थकों व शुभचिंतकों ने फूल-मालाओं और पुष्प वर्षा के साथ भव्य स्वागत किया। सैकड़ों गाड़ियों के काफिले के साथ उन्हें समेसी बाजार लाया गया, जहां भी लोगों ने फूल-मालाएं पहनाकर सम्मानित किया। इसके बाद काफिला छतौनी स्थित शिवनंदन इंटर कॉलेज पहुंचा, जहां विद्यालय परिवार ने भावुक माहौल में उन्हें विदाई दी।
विद्यालय में आयोजित समारोह के दौरान प्रधानाचार्य एस.सी. मिश्रा को राम दरबार की प्रतिमा, ब्रीफकेस, अंगवस्त्र और रामायण भेंट कर सम्मानित किया गया। विदाई के दौरान छात्र-छात्राओं और शिक्षकों की आंखें नम हो गईं। भावुक माहौल के बीच प्रधानाचार्य एस.सी. मिश्रा ने नव नियुक्त प्रधानाचार्य राजन द्विवेदी को औपचारिक रूप से जिम्मेदारी सौंप दी।
शिक्षकों और अभिभावकों ने बताया कि वर्ष 1986 से शुरू हुआ उनका 40 वर्षों का कार्यकाल परिवार जैसा रहा और गुरुजी ने हमेशा सभी को मार्गदर्शन व स्नेह दिया। विदाई समारोह के बाद हरदोईया बाजार स्थित पंचशील शांति शिक्षा निकेतन इंटर कॉलेज में देर रात तक कार्यक्रम चलता रहा, जहां लोगों का तांता लगा रहा और सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष हंसराज रावत, सुरेंद्र दीक्षित, दीपू बाजपेई, सुरेंद्र वर्मा, दिलीप रावत, अंबुज त्रिपाठी, अवनीश अवस्थी, संदीप शुक्ला, हिमांशु मिश्रा, सुधांशु मिश्रा, शिवम मिश्रा सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।
