लखनऊ। निगोहां थाना क्षेत्र के नदौली गांव निवासी 22 वर्षीय मजदूर रैकिश रावत की बेरहमी से हत्या के मामले में बुधवार को बड़ा खुलासा होने के साथ ही जनाक्रोश भी फूट पड़ा। एक ओर पुलिस ने हत्या के आरोप में उसके साथी मजदूर धर्मराज उर्फ टाटू को हिरासत में लिया है, वहीं दूसरी ओर आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने निगोहां थाने का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया।पुलिस जांच में सामने आया है कि नशे की हालत में हुए विवाद के बाद रैकिश की पीट-पीटकर हत्या की गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शरीर पर छह से अधिक गंभीर चोटों की पुष्टि हुई है, जिससे हत्या की बात साफ हो गई है।पुलिस के मुताबिक मृतक रैकिश सोमवार सुबह गांव के ही धर्मराज उर्फ टाटू और मिस्त्री नंदकिशोर के साथ मजदूरी के लिए लखनऊ गया था। देर रात तक घर न लौटने पर परिजनों ने तलाश शुरू की। मंगलवार सुबह बाबूखेड़ा मार्ग स्थित गैस गोदाम के पास झाड़ियों में उसका खून से लथपथ शव बरामद हुआ। मौके से मोबाइल, टिफिन और चप्पलें गायब थीं, जिससे शुरुआत में लूटपाट के बाद हत्या की आशंका जताई गई थी।घटना से गुस्साए परिजन और ग्रामीण ट्रैक्टर-ट्रॉली से निगोहां थाने पहुंच गए और घेराव कर हंगामा किया। भीड़ की मांग थी कि हत्यारों को जल्द गिरफ्तार कर सख्त सजा दी जाए। कुछ लोगों ने आरोपी को उनके हवाले करने की भी मांग उठाई। स्थिति को देखते हुए थाने पर भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा।प्रदर्शन के दौरान मृतक के भाई लवकुश का दर्द छलक पड़ा। उसने रोते हुए कहा, “मेरा भाई तो सिर्फ मजदूरी करने गया था, उसका क्या कसूर था?” ग्रामीणों ने भी बताया कि रैकिश का किसी से कोई विवाद नहीं था और वह सरल स्वभाव का युवक था।मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी अनुज तिवारी ने हालात संभालते हुए परिजनों को भरोसा दिलाया कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा घटना बेहद गंभीर है। हर एंगल से जांच की जा रही है। संदिग्धों से पूछताछ और तकनीकी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।वहीं एसीपी मोहनलालगंज विकास पाण्डेय ने बताया कि मृतक के भाई की तहरीर पर आरोपी धर्मराज उर्फ टाटू के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और उससे पूछताछ में अहम सुराग मिले हैं।थाना प्रभारी के आश्वासन के बाद ग्रामीण शांत तो हो गए, लेकिन क्षेत्र में तनाव बना हुआ है। एहतियातन अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और पुलिस हर गतिविधि पर नजर बनाए हुए है। अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
