…
पार्किंग विवाद बना वारदात की वजह, लाइसेंसी रिवाल्वर, कारतूस व मोबाइल बरामद……
मोहनलालगंज,लखनऊ।मोहनलालगंज पुलिस ने क्षेत्र में हुई ज्वैलर्स से लूट और मारपीट की सनसनीखेज वारदात का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटी गई लाइसेंसी रिवाल्वर, जिंदा कारतूस और मोबाइल फोन बरामद किया है, जबकि घटना में शामिल दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीजीआई थाना क्षेत्र के तेलीबाग निवासी ज्वैलर्स हेमन्त सोनी अपने बड़े भाई शंकर सोनी के साथ सोमवार रात मोहनलालगंज स्थित एक होटल में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद जब दोनों भाई रात करीब 10:30 बजे वापस लौट रहे थे, तभी होटल परिसर में पार्किंग को लेकर कुछ युवकों से कहासुनी हो गई।बताया जाता है कि उस समय मामला शांत हो गया और आरोपी मौके से चले गए, लेकिन उन्होंने रंजिश पाल ली।कुछ देर बाद आरोपी दोबारा कार से लौटे और फुलवरिया मोड़ के पास दोनों भाइयों को रोक लिया। आरोप है कि हमलावरों ने डंडों से दोनों की जमकर पिटाई की, जिससे वे घायल हो गए। इसके बाद बदमाशों ने हेमन्त सोनी की लाइसेंसी 32 बोर रिवाल्वर, मोबाइल फोन और सोने की चेन लूट ली और मौके से फरार हो गए।
पुलिस की तत्परता, सौ सीसीटीवी फुटेज खंगाले…..
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई। पीड़ित की तहरीर पर पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने दो विशेष टीमों का गठन किया।जांच के दौरान पुलिस ने करीब सौ सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और आरोपियों की पहचान कर उनकी लोकेशन ट्रेस की।
पुलिस के खास मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बीते मंगलवार की देर रात हुलासखेड़ा नहर के पास से रवि सिंह उर्फ विक्की और आर्यन सिंह को गिरफ्तार कर लिया। इनके कब्जे से लूटी गई 32 बोर लाइसेंसी रिवाल्वर और जिंदा कारतूस बरामद किए गए।इसके बाद बुधवार तड़के पुलिस ने तीसरे आरोपी विशेष त्रिवेदी उर्फ राज पंडित को भी गिरफ्तार कर लिया, जिसके पास से लूटा गया मोबाइल फोन बरामद हुआ।पुलिस ने गिरफ्तार तीनों आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। वहीं, फरार चल रहे दो अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।इस वारदात के बाद इलाके में पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है। एसीपी विकास पाण्डेय का कहना है कि जल्द ही फरार आरोपियों को भी गिरफ्तार कर पूरे मामले का पूर्ण खुलासा कर दिया जाएगा।
