निगोहां, लखनऊ।निगोहां कस्बे में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब सड़क किनारे एक युवक का शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान नदौली गांव निवासी 22 वर्षीय रैकिश रावत के रूप में हुई है, जो सोमवार सुबह से लापता था। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, रैकिश रावत सोमवार सुबह ब्रम्हदासपुर निवासी मिस्त्री नंदकिशोर और निगोहां के मजदूर साथी रामराज टैटू के साथ लखनऊ काम करने गया था। परिजनों के मुताबिक, देर शाम तक जब वह घर नहीं लौटा तो परिवार के लोग चिंतित हो उठे और उसकी तलाश शुरू कर दी। पूरी रात खोजबीन के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिल सका।मंगलवार सुबह निगोहां गांव स्थित गैस गोदाम के पास बाबुखेड़ा मार्ग किनारे उसका शव पड़ा मिला। राहगीरों ने शव देखकर तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पाकर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव की शिनाख्त कराकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।मृतक के बड़े भाई लवकुश ने बताया कि रैकिश को शराब पीने की लत थी, लेकिन उसकी इस तरह संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने से परिवार को शक है। परिजनों ने उसके साथ काम पर गए मजदूर साथियों पर हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग की है।इस संबंध में थाना प्रभारी निगोहां अनुज तिवारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए गंभीरता से जांच कर रही है।घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और चर्चा का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोग भी मामले के जल्द खुलासे की मांग कर रहे हैं।
