मोहनलालगंज, लखनऊ। मोहनलालगंज कस्बे के मौरावां मोड़ पर बीते माह हुई ई-रिक्शा व कार की टक्कर के मामले में पुलिस जांच के बाद बड़ा खुलासा हुआ है। प्रारंभिक सूचना में लगाए गए लूट के आरोपों को पुलिस ने जांच में निराधार बताया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, वॉरियर्स डिफेंस अकादमी के संचालक मोहन यादव द्वारा मंगलवार को मोहनलालगंज पुलिस को एक लिखित शिकायत दी गई थी। शिकायत में बताया गया कि मंगलवार को दोपहर में ई-रिक्शा UP32ZN9140 और कार UP70HN0599 के बीच मौरावां मोड़ के पास टक्कर हो गई थी। आरोप था कि दुर्घटना के बाद विपक्षी पक्ष मौके से दो सिलेंडर लेकर चला गया।मामले की जांच के दौरान पुलिस ने विपक्षी पक्ष से संपर्क कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। पूछताछ में सामने आया कि दुर्घटना के चलते कार में खरोंच आ गई थी, जिसके एवज में क्षतिपूर्ति की मांग की गई थी। ई-रिक्शा चालक के पास तत्काल धनराशि न होने के कारण उसने अस्थायी रूप से दो खाली सिलेंडर दे दिए थे।पुलिस द्वारा दोनों पक्षों को थाना बुलाकर आमने-सामने वार्ता कराई गई। इस दौरान प्रयागराज निवासी विनीत शुक्ला व अभय दुबे, जो प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्र हैं, थाना उपस्थित हुए। बातचीत के बाद दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति से विवाद सुलझा लिया गया।दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के विरुद्ध किसी भी प्रकार की कानूनी कार्रवाई न करने की सहमति जताई है।मोहनलालगंज पुलिस के अनुसार, जांच में लूट जैसी कोई घटना सामने नहीं आई है और यह मामला आपसी लेन-देन व दुर्घटना से जुड़ा पाया गया है। वर्तमान में क्षेत्र में पूरी तरह शांति व्यवस्था कायम है।
