समाजवादी पार्टी प्रमुख Akhilesh Yadav ने अमेठी दौरे के दौरान भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधते हुए प्रदेश की कानून-व्यवस्था, महंगाई, बेरोजगारी और मजदूरों की स्थिति को लेकर गंभीर सवाल उठाए। लखनऊ से सुल्तानपुर जाते समय मुसाफिरखाना में सपा कार्यकर्ताओं द्वारा भव्य स्वागत के दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत में कई मुद्दों पर सरकार को घेरा।अखिलेश यादव ने गौरीगंज विधानसभा सीट को लेकर बिना नाम लिए बड़ा राजनीतिक बयान दिया। उन्होंने कहा कि यह सीट इतनी “हॉट” हो चुकी है कि जो वर्तमान में इस पर बैठे हैं, वे जल्द ही हट जाएंगे। उनके इस बयान से जिले की राजनीति में हलचल तेज हो गई है और आगामी चुनाव को लेकर चर्चाएं भी तेज हो गई हैं।नोएडा में कर्मचारियों के प्रदर्शन का जिक्र करते हुए उन्होंने भाजपा सरकार पर संवेदनहीनता का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में मजदूर अपनी मांगों को लेकर सड़कों पर उतरने को मजबूर हैं, लेकिन सरकार और प्रशासन उनकी बात सुनने को तैयार नहीं है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब अन्य राज्यों में मजदूरों के वेतन में बढ़ोतरी हो रही है, तो उत्तर प्रदेश में उन्हें राहत क्यों नहीं दी जा रही।बिजली के स्मार्ट मीटरों को लेकर भी अखिलेश यादव ने सरकार पर हमला बोला। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि ये “स्मार्ट मीटर” नहीं, बल्कि “पीड़ित मीटर” हैं, जो इतनी तेजी से चल रहे हैं कि आम जनता का बिजली बिल लगातार बढ़ता जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता पर आर्थिक बोझ डाल रही है और केवल प्रतीकों की राजनीति कर रही है।इस दौरान अखिलेश यादव बंधुआकला क्षेत्र के मझना गांव भी पहुंचे, जहां उन्होंने शहीद अखिलेश शुक्ला के परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की। शहीद के परिवार ने जीविकोपार्जन के लिए पेट्रोल पंप की मांग रखी, जिस पर अखिलेश यादव ने हर संभव मदद का आश्वासन दिया।अखिलेश यादव सुल्तानपुर में एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। रास्ते में उन्होंने कई जगह रुककर कार्यकर्ताओं और आम लोगों से मुलाकात की, जिससे सपा कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा गया।
