निगोहां।लखनऊ, सोमवार को रायबरेली दौरे पर जा रहे भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी का निगोहां टोल प्लाजा पर भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान किसान नेता अनमोल तिवारी ने अपने समर्थकों और सैकड़ों किसानों के साथ जोरदार स्वागत किया। फूल-मालाओं, ढोल-नगाड़ों और जोरदार नारों के बीच टोल प्लाजा परिसर पूरी तरह से उत्साह और जोश से भर गया।किसान नेता अनमोल तिवारी के नेतृत्व में पहुंचे किसानों और कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष को माल्यार्पण कर उनका अभिनंदन किया। इस मौके पर पंकज चौधरी ने भी लोगों से रुबरू होकर हालचाल जाना और कार्यकर्ताओं का आभार जताया। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के सहयोग से ही संभव है।स्वागत कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. मनोज पांडे, भाजपा नेता हरिओम चतुर्वेदी, मनोज सैनी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण और कार्यकर्ता मौजूद रहे। भारी भीड़ के चलते टोल प्लाजा पर कुछ समय के लिए अव्यवस्था की स्थिति भी देखने को मिली।इसी दौरान भीड़ का फायदा उठाकर एक अज्ञात व्यक्ति ने एक कार्यकर्ता की जेब से करीब ₹17,500 पार कर दिए। पीड़ित को जब घटना की जानकारी हुई तो मौके पर हड़कंप मच गया, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुका था।सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जाएगा।स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस तरह के बड़े आयोजनों में सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत की जाए, ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
