मोहनलालगंज। लखनऊ ,मोहनलालगंज थाना क्षेत्र के गौरा तिराहे के पास स्थित इम्पीरियल सिटी में आम के हरे पेड़ों की अवैध कटान का मामला जानकारी में आया है। दरोगा सौरभ सिंह, बीट प्रभारी गौरा को बीते रविवार को मुखबिर से सूचना मिली कि प्लॉटिंग क्षेत्र के अंदर हरे पेड़ काटे जा रहे हैं। सूचना पर मौके पर पहुंचने पर पाया गया कि लगभग पांच आम के पेड़ काटे जा चुके थे और उनके ठूंठ भी हटाए जा चुके थे। मौके पर केवल पत्तियां पड़ी मिलीं, जो आम के पेड़ों की थीं। इसके अलावा आसपास के चार-पांच पेड़ों की डालियां भी काटी गई थीं।ग्रामीणों ने बताया कि उक्त पेड़ों की कटान ठेकेदार अवस्थी द्वारा कराई गई और लकड़ियों को ट्रैक्टर पर लादकर ले जाया गया। हालांकि डर के कारण किसी ने अपना नाम-पता नहीं बताया। पुलिस के अनुसार आरोपी का यह कृत्य वन संरक्षण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले में जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
