मोहनलालगंज, लखनऊ। जनसुरक्षा, कानून व्यवस्था एवं मानव जीवन की रक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए मोहनलालगंज प्रभारी निरीक्षक ब्रजेश कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा एक सराहनीय मानवीय कार्य करते हुए एक लापता मानसिक रूप से अस्वस्थ युवक को सकुशल उसके परिजनों से मिलाया गया।जानकारी के अनुसार बीते सोमवार की रात्रि में मोहनलालगंज पुलिस टीम क्षेत्र में नियमित गश्त पर भ्रमणशील थी। तभी देर रात गोपाल खेड़ा रेलवे क्रॉसिंग के पास पुलिस टीम की नजर एक व्यक्ति पर पड़ी, जो संदिग्ध अवस्था में रेलवे पटरी पर इधर-उधर घूम रहा था। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए पुलिस टीम ने तत्काल सक्रियता दिखाते हुए युवक को सुरक्षित स्थान पर लाकर रोका, जिससे किसी संभावित हादसे को समय रहते टाल दिया गया।पूछताछ के दौरान युवक अपनी स्पष्ट पहचान बताने में असमर्थ रहा, जिससे उसके मानसिक रूप से अस्वस्थ होने की आशंका जताई गई। पुलिस टीम ने संवेदनशीलता एवं धैर्य का परिचय देते हुए युवक से संवाद स्थापित किया और काफी प्रयासों के बाद उससे एक मोबाइल नंबर प्राप्त किया।उक्त नंबर पर संपर्क करने पर पता चला कि युवक का नाम राम हरि पुत्र जगदीश है, जो राजस्थान के करौली जनपद के थाना शिवरोड क्षेत्र अंतर्गत जटनगर गांव का निवासी है। परिजनों ने बताया कि राम हरि मानसिक रूप से बीमार है और लगभग 15 दिन पहले घर से लापता हो गया था, जिसकी वे लगातार तलाश कर रहे थे।मोहनलालगंज पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए परिजनों को सूचना देकर थाने बुलाया। परिजन जब थाने पहुंचे और अपने लापता सदस्य को सकुशल देखा तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। पुलिस ने सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करते हुए युवक को सुरक्षित उसके परिवार के सुपुर्द कर दिया।अपने सदस्य को सुरक्षित वापस पाकर परिजनों ने मोहनलालगंज पुलिस के प्रति आभार व्यक्त किया और पुलिस की इस मानवीय पहल की सराहना की। क्षेत्र में भी पुलिस के इस सराहनीय कार्य की चर्चा हो रही है।
