मोहनलालगंज, लखनऊ।मोहनलालगंज थाना क्षेत्र के फुलवरिया मोड़ व ज्योति नगर इलाके में बुधवार को एक भीषण सड़क हादसे ने हड़कंप मचा दिया। तेज रफ्तार और अनियंत्रित डंपर सड़क किनारे बने एक मकान में जा घुसा। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि डंपर मकान के अंदर तक पहुंच गया, जिससे आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई।हादसे में घर के मालिक 42 वर्षीय सुरेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके सिर में गहरी चोट आई, जिस पर डॉक्टरों ने तीन टांके लगाए। उनकी पत्नी जूली को भी पैर में चोटें आईं, हालांकि उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहनलालगंज पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।वहीं, डंपर चालक 26 वर्षीय अलीम निवासी जोरावरगंज जनपद उन्नाव हादसे के बाद वाहन के केबिन में बुरी तरह फंस गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए लखनऊ रेफर कर दिया है। हादसे के बाद डंपर का कंडक्टर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही एसीपी विकास पांडेय और इंस्पेक्टर बृजेश त्रिपाठी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।ग्रामीणों ने बताया कि इस मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है। यह कुछ ही समय में दूसरा बड़ा हादसा है। लोगों का आरोप है कि सड़क पर स्पीड ब्रेकर न होने के कारण वाहन अनियंत्रित गति से गुजरते हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल स्पीड ब्रेकर बनवाने और यातायात नियंत्रण के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।मिली जानकारी के अनुसार हादसे की पूरी घटना पास में लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस फुटेज के आधार पर हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, सुरेश कुमार अपनी पत्नी और आठ बेटियों के साथ ज्योति नगर में रहते हैं और उन्नाव जनपद में सफाई कार्य कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। इस हादसे के बाद परिवार में दहशत का माहौल है।
