नगराम, लखनऊ। नगराम क्षेत्र के नदौली गांव में वर्षों से चली आ रही जलभराव की समस्या को लेकर शुक्रवार को इंटरनेशनल ड्रेन एवं बिजरा ड्रेन की सफाई कार्य का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान विभागीय अधिकारियों और किसान संगठन के पदाधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर पैदल चलकर ड्रेन की स्थिति का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान प्रतापगढ़ से पहुंचे अवर अभियंता मनोज सोनकर तथा उन्नाव के अवर अभियंता संदीप कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर मौजूद रहे। अधिकारियों ने बताया कि नदौली में ड्रेन सफाई का कार्य चल रहा है, लेकिन कई स्थानों पर किसानों द्वारा ड्रेन की जमीन को अपने खेतों में मिलाकर कब्जा कर लेने से पानी का बहाव बाधित हो गया है।किसान मजदूर संगठन के पदाधिकारियों ने अधिकारियों को बताया कि करीब 600 मीटर तक ड्रेन का अस्तित्व समाप्त कर खेतों में मिला लिया गया है। यही वजह है कि नदौली ड्रेन का पानी बिजरा ड्रेन तक पहुंच ही नहीं पाता, जिससे बरसात के दिनों में कांटा, करौंदी, मीरखनगर, नदौली, रामदासपुर समेत दर्जनों गांवों में जलभराव की गंभीर समस्या उत्पन्न हो जाती है।अधिकारियों ने मौके पर मौजूद किसानों को आश्वस्त करते हुए कहा कि यदि राजस्व विभाग द्वारा लेखपाल के माध्यम से ड्रेन की सही पैमाइश और चिन्हांकन करा दिया जाए तो विभाग तत्काल खुदाई और सफाई कार्य शुरू करा देगा। अधिकारियों ने बताया कि अवकाश होने के कारण शुक्रवार को राजस्व टीम नहीं पहुंच सकी, लेकिन शनिवार को उपजिलाधिकारी मोहनलालगंज से मिलकर लेखपाल भेजने और ड्रेन की निशानदेही कराने की मांग की जाएगी।निरीक्षण के दौरान राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के मंडल महामंत्री हरिपाल सिंह, अवधेश शुक्ला, बद्रीविशाल बाजपेई, राजेश सिंह नदौली, चंद्रपाल सिंह, कृष्ण पाल सिंह, देशराज भैरमपुर समेत दर्जनों किसान मौजूद रहे। किसानों ने प्रशासन से जल्द ड्रेन की सफाई और अतिक्रमण हटवाने की मांग की ताकि क्षेत्र को जलभराव की समस्या से राहत मिल सके।
