निगोहा, लखनऊ, रायबरेली-लखनऊ हाईवे पर जियो पेट्रोल पंप के सामने गुरुवार तड़के भीषण सड़क हादसा हो गया। ओवरटेक के दौरान ट्रक ने ट्रैक्टर ट्रॉली में पीछे से टक्कर मार दी, जिससे ट्रैक्टर चालक की मौत हो गई और तीन लोग घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 4 बजे थाना निगोहा को सूचना मिली कि रायबरेली से लखनऊ जाने वाली लेन पर दो वाहनों की टक्कर में तीन लोग घायल हैं। चौकी प्रभारी कस्बा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। जांच में पता चला कि चावल-गेहूं लादकर बंगला बाजार लखनऊ जा रही ट्रैक्टर ट्रॉली को पीछे से आ रहे ट्रक संख्या UP 32WN 8695 ने ओवरटेक करते समय टक्कर मार दी।टक्कर लगते ही ट्रैक्टर ट्रॉली अनियंत्रित होकर ट्रक के सामने आ गई। हादसे में ट्रैक्टर चालक संतोष कुमार 45 वर्ष पुत्र सत्रोहन प्रसाद निवासी अमावा दोस्तपुर, बछरावां, रायबरेली गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें सीएचसी मोहनलालगंज भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। ट्रैक्टर पर सवार मायाराम 60 वर्ष पुत्र सत्रोहन प्रसाद और राम हेतु 55 वर्ष पुत्र रामसनेही को हल्की चोटें आईं। दोनों का इलाज चल रहा है।ट्रक चालक रामबाबू 26 वर्ष पुत्र उदय राज निवासी लालता खेड़ा, निगोहा ट्रक में ही फंस गया था । पुलिस ने उसे सुरक्षित बाहर निकालकर सीएचसी मोहनलालगंज भिजवाया।
पुलिस ने दोनों वाहनों को रोड से हटवाकर किनारे खड़ा करवा दिया है। वाहनों को थाने लाने की कार्रवाई की जा रही है। हादसे के बाद यातायात सुचारू कर दिया गया है। मौके पर थाना अध्यक्ष निगोहा मौजूद रहे। पुलिस का कहना है कि लॉ एंड ऑर्डर की कोई समस्या नहीं है।
