मोहनलालगंज। मोहनलालगंज कोतवाली क्षेत्र के जबरेला पुल के पास गुरुवार शाम कार और बाइक की आमने सामने टक्कर हो गई जिससे बाइक सवार युवक गंभीर घायल हो गया।घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को इलाज के लिए सीएचसी मोहनलालगंज पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।जानकारी के मुताबिक, उन्नाव से सिसेंडी-लखनऊ मार्ग की ओर जा रही अल्टो कार संख्या यूपी 41 क्यू 8808 और सिसेंडी की ओर से उन्नाव जा रही मोटरसाइकिल संख्या यूपी 32 आरसी 4712 की भारत पेट्रोल पंप के सामने आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहनलालगंज पहुंचाया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान 23 वर्षीय बबलू कुमार पुत्र रामसागर निवासी सरवन थाना असोहा जनपद उन्नाव के रूप में हुई है।घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को सड़क से हटवाकर किनारे कराया, जिससे यातायात सामान्य रूप से चलता रहा। बाद में दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर कोतवाली भेज दिया गया।मोहनलालगंज इंस्पेक्टर ब्रजेश त्रिपाठी ने बताया कि सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हुई है। शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। फरार कार चालक की तलाश की जा रही है तथा मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
