मोहनलालगंज, लखनऊ। मोहनलालगंज थाना क्षेत्र के भरसवा में खेत में सिंचाई के लिए लगाया गया सोलर पैनल अज्ञात चोरों द्वारा चोरी किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित किसान ने थाने में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार भरसवा निवासी राजेन्द्र द्विवेदी पुत्र स्वर्गीय सत्य नारायण द्विवेदी ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में बताया कि उनके खेत, गाटा संख्या 582 में सिंचाई व्यवस्था के लिए सोलर पैनल लगा हुआ था। आरोप है कि बीते रविवार की रात अज्ञात चोर खेत में पहुंचे और सिंचाई के लिए लगा पैनल चोरी कर ले गए।पीड़ित किसान के अनुसार जब वह अगले दिन सुबह अपने खेत पर पहुंचे तो वहां लगा पैनल गायब मिला। आसपास काफी तलाश और जानकारी करने के बावजूद चोरी गए पैनल का कोई सुराग नहीं लग सका। इसके बाद उन्होंने मोहनलालगंज थाने पहुंचकर अज्ञात चोरों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई।घटना के बाद क्षेत्र के किसानों में भी चिंता का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि खेतों में लगे सिंचाई उपकरण और सोलर पैनलों की सुरक्षा को लेकर लगातार खतरा बना हुआ है। किसानों ने पुलिस से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग की है।इंस्पेक्टर बृजेश त्रिपाठी ने बताया कि पीड़ित किसान द्वारा दिए गए शिकायती पत्र के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है तथा चोरी में शामिल अज्ञात आरोपियों की तलाश के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किए जाने का प्रयास किया जाएगा।
