मोहनलालगंज, लखनऊ। मोहनलालगंज कोतवाली क्षेत्र के सिसेंडी मजरा हरीखेड़ा गांव में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में गर्भवती महिला समेत कई लोग घायल हो गए। घटना के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी, जिसके आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।पीड़ित रामसिंह पुत्र स्व. लक्ष्मी नारायण निवासी हरीखेड़ा के अनुसार वह बीते मंगलवार की सुबह करीब आठ बजे गांव में स्थित सुंदर की दुकान पर सामान लेने गए थे। आरोप है कि वहां पहले से मौजूद जितेंद्र, अजय पाल, यशपाल, रामविलास और अशोक कुमार ने उन्हें घेर लिया और पुरानी रंजिश को लेकर गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों व लात-घूंसों से मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि हमलावर उन्हें खींचकर एक घर के अंदर ले गए और वहां भी उनकी पिटाई की गई।
रामसिंह का कहना है कि शोर सुनकर उनका भाई और गर्भवती पत्नी बचाने पहुंचे तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की। गर्भवती महिला के पेट में चोट लगने से उसकी तबीयत बिगड़ गई। घटना में कई लोगों को चोटें आई हैं, जिनका चिकित्सीय परीक्षण कराया गया है।घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल रहा। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट और हमला करने के आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी।इंस्पेक्टर बृजेश त्रिपाठी ने बताया कि दोनों पक्षों द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
