निगोहा।लखनऊ,निगोहा थाना क्षेत्र के एक गांव की युवती ने पड़ोसी गांव के युवक पर विवाह का झांसा देकर कई वर्षों तक शारीरिक शोषण करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पीड़िता द्वारा पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार पड़ोसी गांव निवासी शिवम पाण्डेय कई वर्षों से उसके घर आता-जाता था। इस दौरान दोनों के बीच परिचय बढ़ा। आरोप है कि युवक ने युवती को विवाह का भरोसा दिलाया और भविष्य में शादी करने के सपने दिखाकर उसका विश्वास जीत लिया। इतना ही नहीं, वह युवती को अपने घर भी बुलाता था और लगातार शादी का आश्वासन देता रहा।युवती का आरोप है कि विवाह का झांसा देकर आरोपी ने उसके साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए। जब भी वह शादी की बात करती, आरोपी उसे समझाकर टाल देता और कहता कि सरकारी नौकरी लगने के बाद दोनों विवाह कर लेंगे। इसी भरोसे में युवती लंबे समय तक आरोपी पर विश्वास करती रही।तहरीर में आरोप लगाया गया है कि आरोपी को नौकरी मिलने के बाद भी उसने विवाह की बात को गंभीरता से नहीं लिया और लगातार टालमटोल करता रहा। पीड़िता का कहना है कि युवक ने शादी का आश्वासन देकर उसका लगातार शारीरिक शोषण किया। जब उसने विवाह के लिए दबाव बनाया तो आरोपी ने शादी करने से साफ इनकार कर दिया।पीड़िता के मुताबिक विरोध करने पर आरोपी ने उसे धमकाते हुए कहा कि “जो करना हो कर लो”। इसके बाद खुद को ठगा महसूस कर युवती ने निगोहा थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।निगोहा थाना प्रभारी अनुज तिवारी ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर आरोपी शिवम पाण्डेय के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है तथा आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीम लगाई गई है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर साक्ष्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
