पीजीआई, लखनऊ। पीजीआई थाना क्षेत्र के ग्राम डलौना में अवैध मिट्टी खनन को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। गांव की एक महिला ने आरोप लगाया है कि उसके खेत से जेसीबी मशीन और डंपरों की मदद से अवैध रूप से मिट्टी खनन कर बेची जा रही थी। विरोध करने पर आरोपितों ने हवाई फायरिंग की, जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया तथा पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता ने पुलिस प्रशासन से कार्रवाई और सुरक्षा की गुहार लगाई है।डलौना गाँव की निवासी रामेश्वरी पत्नी स्वर्गीय राम दयाल ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि उनके नाम दर्ज गाटा संख्या-72 की कृषि भूमि से मंगलवार देर रात कुछ लोग जेसीबी मशीन और डंपरों की सहायता से मिट्टी का खनन कर रहे थे। खेत से मिट्टी निकाले जाने की सूचना मिलने पर वह अपने परिजनों और कुछ ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचीं और खनन का विरोध किया।पीड़िता का आरोप है कि विरोध करने पर आरोपित आक्रोशित हो गए और कई राउंड हवाई फायरिंग करते हुए उन्हें डराने-धमकाने लगे। आरोप है कि इस दौरान जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए उन्हें मौके से चले जाने के लिए कहा गया। इतना ही नहीं, विरोध जारी रखने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी गई।
घटना से घबराई महिला ने तत्काल डायल-112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पीड़िता के अनुसार पुलिस के पहुंचने की भनक लगते ही जेसीबी चालक मशीन लेकर मौके से फरार हो गया, जबकि पुलिस ने मौके पर खड़े एक डंपर को कब्जे में लेकर थाने पहुंचा दिया।रामेश्वरी का कहना है कि घटना के बाद भी आरोपित लगातार उन्हें और उनके परिवार को धमका रहे हैं। उनका आरोप है कि दबंग दोबारा खेत की मिट्टी खोदकर बेचने की बात कह रहे हैं और विरोध करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दे रहे हैं। इससे परिवार में भय और दहशत का माहौल बना हुआ है।पीड़िता ने पुलिस प्रशासन से आरोपितों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई करने, अवैध खनन पर रोक लगाने तथा परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित किए जाने की मांग की है।पीजीआई थाना प्रभारी धीरेंद्र सिंह ने बताया कि महिला की शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है। मौके से एक डंपर को कब्जे में लिया गया है तथा अवैध खनन और फायरिंग के आरोपों की जांच कराई जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
