मोहनलालगंज, लखनऊ।मोहनलालगंज एक बार फिर प्लॉट दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी और चेक बाउंस का मामला सामने आया है। पीड़ित ने मोहनलालगंज कोतवाली में शिकायत देकर जालसाज के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। आरोप है कि प्लॉट दिलाने का झांसा देकर जालसाज ने तीन लाख रुपये हड़प लिए और रकम वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार लखनऊ के बुद्धेश्वर जनता विहार कॉलोनी निवासी अजय जोशी पुत्र अशोक जोशी ने मोहनलालगंज कोतवाली में शिकायती पत्र देकर बताया कि करीब एक वर्ष पूर्व उनकी मुलाकात मोहनलालगंज क्षेत्र के शांति नगर कॉलोनी निवासी भीमसेन त्रिपाठी से हुई थी। आरोप है कि भीमसेन त्रिपाठी ने 1200 वर्गफुट प्लाट देने का आश्वासन दिया और इसके एवज में पीड़ित अजय जोशी से तीन लाख रुपये नकद ले लिए।पीड़ित का कहना है कि एक वर्ष बीत जाने के बावजूद न तो उन्हें कोई प्लॉट उपलब्ध कराई गई और न ही उनकी रकम वापस की गई। जब उन्होंने कई बार अपनी धनराशि वापस मांगी तो जालसाज टालमटोल करता रहा। आरोप है कि दबाव बढ़ने पर आरोपी ने दो लाख साठ हजार रुपये का चेक दिया, लेकिन जब पीड़ित ने चेक बैंक में लगाया तो वह बाउंस हो गया।पीड़ित अजय जोशी का आरोप है कि चेक बाउंस होने की जानकारी देने और अपनी रकम वापस मांगने पर आरोपी ने गाली-गलौज की तथा जान से मारने की धमकी दी। इससे वह और उनका परिवार भय और मानसिक तनाव के माहौल में जीवन यापन करने को मजबूर हैं।
पीड़ित ने अपने शिकायती पत्र में बताया कि वह नींबू पानी का ठेला लगाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। प्लॉट खरीदने के लिए उन्होंने अपनी जीवनभर की जमा पूंजी जालसाज को दी थी, लेकिन अब उनकी मेहनत की कमाई फंस गई है। आर्थिक नुकसान के साथ-साथ लगातार मिल रही धमकियों से पूरा परिवार परेशान और भयभीत है।
पीड़ित ने मोहनलालगंज कोतवाली पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए जालसाज के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने तथा उसकी फंसी हुई धनराशि वापस दिलाने की मांग की है।इंस्पेक्टर बृजेश त्रिपाठी का कहना है कि प्राप्त शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
