निगोहा। लखनऊ,निगोहा के मस्तीपुर गांव में रविवार को एचडीएफसी बैंक के परिवर्तन कार्यक्रम के तहत मस्तीपुर ग्राम पंचायत में स्वच्छता एवं सौन्दर्यीकरण अभियान चलाया गया। इस दौरान खुले में कूड़ा डाले जाने वाले सबसे प्रदूषित स्थल की व्यापक सफाई कर उसे आकर्षक स्वरूप दिया गया।
कार्यक्रम में एचडीएफसी बैंक के क्लस्टर हेड मनोज राय, साहस संस्था की प्रतिनिधि अमर प्रीत कौर तथा ग्राम प्रधान सूर्य कुमार द्विवेदी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। अभियान के दौरान लोगों को खुले में कूड़ा न फेंकने और कचरा प्रबंधन के प्रति जागरूक किया गया।
वक्ताओं ने कहा कि स्वच्छ वातावरण और स्वस्थ जीवन के लिए प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी जरूरी है। ग्रामीणों को स्वच्छता बनाए रखने तथा कचरे का उचित निस्तारण करने के लिए प्रेरित किया गया। अभियान के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।ग्राम प्रधान सूर्य कुमार द्विवेदी ने कहा कि ग्राम पंचायत को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए ऐसे कार्यक्रम आगे भी जारी रहेंगे। वहीं ग्रामीणों ने भी स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प लिया।
