कनकहा मैदान में जुटे सर्वसमाज के लोग
मोहनलालगंज। संवाददाता
मोहनलालगंज के कनकहा मैदान में वीर शिरोमणि महाराजा सुहेलदेव पासी का विजय दिवस शौर्य दिवस के रूप में बड़ी धूमधाम से मनाया गया। इस भव्य कार्यक्रम में सर्वसमाज के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और राष्ट्र रक्षा में महाराजा सुहेलदेव के योगदान को याद किया।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के अंतर्राष्ट्रीय संगठन मंत्री श्री मिलिंद पांडेय ने दीप प्रज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया।
विदेशी आक्रांताओं को धूल चटाने वाले महानायक थे सुहेलदेव मिलिंद परांडे
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि मिलिंद पांडेय ने कहा कि महाराजा सुहेलदेव पासी भारत भूमि के महान रक्षक और सनातन संस्कृति के गौरव हैं। उन्होंने अपनी वीरता और कुशल रणनीति से विदेशी आक्रांता सालार मसूद गाजी की विशाल सेना को धूल चटाकर देश को एक बड़े संकट से बचाया था।मिलिंद परांडे अंतर्राष्ट्रीय संगठन मंत्री विहिप ने कहा महाराजा सुहेलदेव का इतिहास हमें देश और धर्म की रक्षा के लिए एकजुट होने की प्रेरणा देता है। आज की युवा पीढ़ी को उनके शौर्य और पराक्रम से सीख लेनी चाहिए।
कनकहा मैदान में उमड़ा जनसैलाब
समारोह के दौरान कनकहा मैदान में भारी संख्या में लोग एकत्रित हुए। कार्यक्रम की खास बात यह रही कि इसमें किसी एक वर्ग नहीं, बल्कि सर्वसमाज के लोगों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई, जो महाराजा सुहेलदेव के प्रति समाज के हर तबके के सम्मान को दर्शाता है। उपस्थित वक्ताओं ने महाराजा सुहेलदेव पासी के जीवन चरित्र पर प्रकाश डाला और कनकहा की ऐतिहासिक धरती से उनके संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में आयोजन समिति द्वारा मुख्य अतिथि और आए हुए गणमान्य नागरिकों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से कार्यक्रम संयोजक एडवोकेट सुशील रावत, पंडित शैलेन्द्र मृदुल, विश्व हिन्दू परिषद के क्षेत्रीय संगठन मंत्री श्री गजेंद्र, प्रांत संगठन मंत्री श्री विजय प्रताप, महाराजा लाखन पासी सामाजिक उत्थान समिति के अध्यक्ष श्री दिलीप रावत, अंकुर अवस्थी, कुलदीप रावत, अजय द्विवेदी, अजीत कुमार फौजी, योगेंद्र प्रताप रावत, शिव कुमार रावत, नरेन्द्र रावत, विपिन रावत प्रधान, मंशाराम रावत प्रधान, रामशंकर रावत, रामचंद्र रावत, सहित भारी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
