मोहनलालगंज।लखनऊ, शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म करने, गर्भवती होने पर जबरन गर्भपात कराने तथा बाद में दहेज की मांग कर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के आरोपी को मोहनलालगंज पुलिस ने मुकदमा दर्ज होने के चौबीस घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया।पुलिस के अनुसार पीड़िता ने बीते शनिवार को मोहनलालगंज कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि करीब एक वर्ष पूर्व उसकी मुलाकात मोहनलालगंज कोतवाली क्षेत्र के भावाखेड़ा निवासी मनीष कुमार पुत्र ब्रजलाल से हुई थी। आरोप है कि आरोपी ने शादी का भरोसा देकर उससे प्रेम संबंध बनाए और मंदिर में विवाह करने का दावा करते हुए कई बार शारीरिक संबंध बनाए।पीड़िता का आरोप है कि इस दौरान वह गर्भवती हो गई, जिसके बाद आरोपी ने धोखे से गर्भपात की दवा खिलवा दी। बाद में जब उसने सामाजिक रीति-रिवाज से विवाह की बात कही तो आरोपी और उसके परिजनों ने दहेज की मांग शुरू कर दी। मांग पूरी न होने पर उसके साथ गाली-गलौज, मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी दी गई।मोहनलालगंज पुलिस के अनुसार पीड़िता द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पीड़िता के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने पर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई।रविवार को पुलिस टीम ने रायबरेली रोड स्थित फुलवरिया मोड़ से 21वर्षीय आरोपी मनीष कुमार जो निजी बस में कंडक्टर का कार्य करता है। उसको पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।कोतवाली प्रभारी राम बाबू सिंह ने बताया कि महिला संबंधी अपराधों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी। पीड़िता की शिकायत मिलते ही तत्काल मुकदमा दर्ज कर साक्ष्य संकलित किए गए और विशेष पुलिस टीम गठित कर चौबीस घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने कहा कि महिलाओं के विरुद्ध अपराध करने वालों के खिलाफ सख्त और त्वरित कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
