नगराम, लखनऊ। नगराम थाना क्षेत्र के बजगहिया गांव में बुधवार को खेत जा रहे एक युवक के साथ रास्ता रोककर मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित शिवशंकर गोस्वामी ने थाने में दी तहरीर में गांव के ही राजू गोस्वामी और उनकी पत्नी शिवकुमारी पर रास्ता रोककर गाली-गलौज करने और लाठी-डंडों से हमला करने का आरोप लगाया है।तहरीर के मुताबिक, घटना बुधवार सुबह करीब 10:30 बजे की है। शिवशंकर अपने खेत जा रहे थे, तभी आरोपितों ने रास्ता रोक लिया। आरोप है कि दोनों ने गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से उनकी पिटाई कर दी। मारपीट में शिवशंकर के सिर में गंभीर चोट आई, जबकि उनका कान बुरी तरह फट गया और काफी खून बह गया। पीड़ित ने आरोप लगाया कि आरोपितों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी।घायल अवस्था में पीड़ित ने नगराम थाने पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी। पीड़ित के अनुसार, पुलिस ने तहरीर ले ली है, लेकिन खबर लिखे जाने तक मुकदमा दर्ज नहीं किया गया था। पीड़ित ने पुलिस से आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
