मोहनलालगंज।मोहनलालगंज विकासखंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत कुशमौरा के दो प्रमुख संपर्क मार्गों के डामरीकरण की मांग को लेकर ग्रामीणों ने आंदोलन की तैयारी शुरू कर दी है। ग्रामीणों ने प्रशासन को ज्ञापन देकर 14 अक्टूबर से पंचायत भवन कुशमौरा में अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू करने की चेतावनी दी है।ग्रामीणों के मुताबिक सिसेंडी-बेनीगंज मार्ग से कुशमौरा को जोड़ने वाला करीब 800 मीटर मार्ग और परसपुर ठट्ठा से कुशमौरा तक करीब 500 मीटर मार्ग लंबे समय से जर्जर है। दोनों मार्गों के डामरीकरण की मांग ग्रामीण कई वर्षों से कर रहे हैं।इस मांग को लेकर समाजसेवी वीरेंद्र अवस्थी की प्रमुख भूमिका बताई जा रही है। वह ग्रामीणों के बीच पहुंचकर सड़क की समस्या को लेकर लोगों को जागरूक कर रहे हैं और ग्रामीणों को संगठित कर उनकी मांग को प्रशासन तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उनका कहना है कि गांव के मुख्य संपर्क मार्गों की बदहाली से ग्रामीणों, स्कूली बच्चों, किसानों और राहगीरों को परेशानी होती है, इसलिए समस्या का स्थायी समाधान जरूरी है।ग्रामीणों ने जिलाधिकारी समेत संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन देने के साथ ही क्षेत्रीय विधायक, एसडीएम मोहनलालगंज और पत्रकारों के संगठन निगोहां प्रेस क्लब को भी ज्ञापन देकर मामले को प्रमुखता से प्रकाशित करने और प्रशासन का ध्यान आकर्षित करने की अपील की है।ग्रामीणों ने कहा कि यदि दोनों मार्गों के डामरीकरण को लेकर जल्द ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो 14 अक्टूबर से पंचायत भवन कुशमौरा में अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जाएगा। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि धरना शुरू होने से पहले ही दोनों सड़कों के निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर समस्या का समाधान कराया जाए।
